Sehore: हिसाब नहीं दे रहे आष्टा के कुछ नेता…

06 sehore photo 04

Sehore News: सीहोर। राजनीति में शुचिता और अनुशासन का दावा करने वाली एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी के भीतर इन दिनों हिसाब-किताब को लेकर घमासान मचा हुआ है। आष्टा क्षेत्र के कुछ नेताओं पर पार्टी की गाइडलाइन का उल्लंघन करने और सहयोग राशि के नाम पर मनमानी करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। चर्चा है कि आलाकमान के सख्त निर्देशों के बावजूद यहां कैश का खेल धड़ल्ले से चल रहा है।
गौरतलब है कि पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट गाइडलाइन जारी की थी कि सहयोग राशि केवल चेक या डिजिटल माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी। इसका उद्देश्य पारदर्शिता बनाए रखना था। लेकिन आष्टा में कुछ नेताओं ने अपनी अलग ही व्यवस्था बना ली है। आरोप है कि यहां चेक के बजाय सीधे नकद राशि ली जा रही है।
न रसीद दी, न संगठन को बताया हिसाब
हैरानी की बात यह है कि सहयोग के नाम पर ली गई इस राशि का अब तक कोई हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि राशि लेने के बाद न तो सहयोगियों को कोई वैध रसीद दी गई और न ही पार्टी के अधिकृत कोष में इस जानकारी को साझा किया गया।
बैठकों से बनाई दूरी
पार्टी के भीतर केवल आर्थिक मोर्चे पर ही नहीं, बल्कि सक्रियता के मोर्चे पर भी अनुशासनहीनता दिख रही है। सहयोग राशि को लेकर होने वाली ऑनलाइन बैठकों से भी आष्टा के कुछ नेताओं ने दूरी बना रखी है।
कार्यकर्ताओं में भारी रोष
पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक तरफ जहां आम कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर संगठन को सींच रहा है, वहीं कुछ नेता पद और रसूख का फायदा उठाकर पार्टी की छवि धूमिल कर रहे हैं।