Sehore News: सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया आष्टा दौरे के बाद अब जिले की भाजपा राजनीति में ‘सोशल मीडिया वॉर’ जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा मंच से दिए गए संबोधनों को लेकर विधायक और जिलाध्यक्ष के समर्थकों के बीच अपने-अपने नेता को श्रेष्ठ बताने की होड़ मच गई है। विधायक सुदेश राय के बाद अब जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा का मैसेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बता दें कि बीते दिनों प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव आष्टा तहसील के प्रवास पर थे। यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने विधायक सुदेश राय की तारीफ की थी। मुख्यमंत्री ने मंच से चुटीले अंदाज में कहा था कि सबकी राय सुदेश राय। मुख्यमंत्री के इस बयान को विधायक समर्थकों ने हाथों-हाथ लिया और इसे उनकी लोकप्रियता का प्रमाण बताते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो की बाढ़ ला दी।
जिलाध्यक्ष ‘संगठन के पुराने साथी’
विधायक समर्थकों की इस सक्रियता के बीच अब जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा के समर्थकों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। दरअसल इसी मंच से मुख्यमंत्री ने भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा को संबोधित करते हुए एक खास बात कही थी। सीएम ने कहा था कि नरेश जी हमारे छात्र संगठन (राजनीति) के दौरान के साथी हैं। अब जिलाध्यक्ष के समर्थकों द्वारा इस मैसेज और वीडियो को खूब वायरल किया जा रहा है।


