Sehore: डिमोशन की आहट से परेशान साहब…

14 sehore photo 05

Sehore News: सीहोर। इन दिनों बेहद संवेदनशील कमान संभालने वाले एक विभाग में कुछ साहबों के माथे पर चिंता की गहरी लकीरें खिंची हुई हैं। वजह कोई काम का दबाव या फील्ड की चुनौती नहीं, बल्कि सिर पर लटक रही डिमोशन की तलवार है। विभाग में होने जा रहे इस फेरबदल की आहट ने साहबों की रातों की नींद और दिन का चैन पूरी तरह उड़ा दिया है।
परेशानी की वजह भी बेहद वाजिब और स्वाभिमान से जुड़ी है। जरा सोचिए, कल तक साहब जिस दफ्तर की मुख्य कुर्सी पर बैठकर मातहतों को ऑर्डर देते थे, जिनकी आमद पर पूरा स्टाफ खड़ा हो जाता था, अगर अचानक उसी दफ्तर में उन्हें जूनियर बनकर काम करना पड़े तो कलेजे पर क्या गुजरेगी।
जिस महफिल में कभी हमारा रुतबा हुआ करता था, अब उसी महफिल में कोने की कुर्सी पर बैठना पड़ेगा, यही दर्द इस वक्त इन साहबों को अंदर ही अंदर खाए जा रहा है। जूनियरों के सामने अपनी ही साख धड़ाम होने के इस डर ने साहबों को बेहद बेचैन कर दिया है।
अब इस मान-सम्मान के संकट से बचने के लिए अंदरखाने में जबरदस्त घेराबंदी और जुगाड़ तंत्र एक्टिव हो गया है। प्रभावित होने वाले साहबों ने अब ऊपर साहबों के साहबों के चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं। उनकी सरकार से बस दो ही चाहत है, या तो भगवान के लिए इस डिमोशन की पूरी प्रक्रिया पर ही ब्रेक लगा दिया जाए। या डिमोशन करने से पहले हमारा तबादला किसी दूसरे जिले या विभाग में कर दिया जाए, क्योंकि जिस दफ्तर में कभी बॉस बनकर राज किया, वहां जूनियर बनकर घुट-घुटकर जीना नामुमकिन है।