Sehore: जमीन तपी तो पेड़ों पर चढ़े मुर्गे, परिंदों की थमी उड़ान…

12 sehore photo 01

Sehore News: सीहोर। सूरज के तीखे तेवर और भीषण लू ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गर्मी का आलम यह है कि अब केवल इंसान ही नहीं, बल्कि बेजुबान पक्षी और पशु भी बुरी तरह हलाकान हैं। मंगलवार को पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे जमीन भट्टी की तरह तप रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि जमीन पर दाना चुगने वाले मुर्गे-मुर्गियां अब तपिश से बचने के लिए पेड़ों को अपना आशियाना बना रहे हैं।
बता दें गर्मी की वजह से प्रकृति में भी बदलाव दिखने लगा है। शहर की वाल्मीकि कॉलोनी में एक हैरान कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जहां मुर्गे जमीन पर दाना चुगने के बजाय पेड़ों की शाखाओं पर आराम फरमाते नजर आए। आमतौर पर जमीन पर रहने वाले ये पक्षी अब नीचे की तपती मिट्टी को सहन नहीं कर पा रहे हैं। धूप से बचने के लिए उन्होंने पेड़ों की घनी छांव में अपना ठिकाना बना लिया है ताकि जानलेवा लू के थपेड़ों से बच सकें।
आसमान हुआ वीरान, परिंदों की थमी उड़ान
जो आसमान शाम के वक्त पक्षियों के झुंड और उनके कलरव से गुलजार रहता था, वह अब पूरी तरह वीरान पड़ा है। चिलचिलाती धूप ने परिंदों की चहचहाहट छीन ली है। लू और गर्मी के डर से पक्षियों ने उड़ान भरना कम कर दिया है और दिनभर घोंसलों या घने पेड़ों में दुबके रहते हैं। केवल पक्षी ही नहीं सडक़ों पर घूमने वाले श्वान भी अब नजर नहीं आ रहे हैं, वे भी गाडिय़ों के नीचे या गीली मिट्टी वाली ठंडी जगहों पर शरण ले रहे हैं।
सडक़ों पर पसरा सन्नाटा, 42 डिग्री पर पहुंचा पारा
मंगलवार को शहर का तापमान 42 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दोपहर होते ही सडक़ों पर कफ्र्यू जैसा सन्नाटा पसर जाता है। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और भी तीखे होंगे और पारा और ऊपर चढ़ सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह, दोपहर में निकलने से बचें
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। घर से निकलते समय सिर और कान को सूती कपड़े से ढंककर रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, ओआरएस, नींबू पानी और तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें। बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें क्योंकि लू का असर उन पर जल्दी होता है।