Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा बुधवार 20 मई को प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत जिले के सभी निजी मेडिकल स्टोर्स बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस हड़ताल की खबर से आम नागरिकों और मरीजों में घबराहट की स्थिति बन रही थी। लेकिन सीहोर जिला प्रशासन और खाद्य व औषधि प्रशासन विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए जिलेवासियों से अपील की है कि वे बिल्कुल भी न घबराएं। हड़ताल के दौरान मरीजों को जीवन रक्षक और जरूरी दवाइयां आसानी से मिलती रहें, इसके लिए वैकल्पिक केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के औषधि निरीक्षक किरण मघरे ने बताया कि मेडिकल स्टोर्स की इस एक दिवसीय हड़ताल के दौरान आम जनता की सुविधा के लिए जिले में दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। नागरिक संकट की स्थिति में जिले के निम्नलिखित निर्धारित संस्थानों और केंद्रों से सामान्य दिनों की तरह दवाएं प्राप्त कर सकते हैं…
शासकीय अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र: जिले के सभी सरकारी जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पतालए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित शासकीय फार्मेसी व दवा काउंटर पूरी तरह खुले रहेंगे।
प्राइवेट अस्पतालों के इन हाउस मेडिकल स्टोर्स: निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम परिसर के भीतर संचालित होने वाले मेडिकल स्टोर्स इस हड़ताल से मुक्त रहेंगे, ताकि भर्ती और आपातकालीन मरीजों को तुरंत दवा मिल सके।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र: जिले भर में संचालित सभी शासकीय प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र बुधवार को खुले रहेंगे, जहां से नागरिक सस्ती और जेनेरिक दवाएं खरीद सकेंगे।
प्रमुख चेन फार्मेसी संस्थान: शहर और जिले में मौजूद सभी मेडप्लस एवं दवा इंडिया फार्मेसी के आउटलेट्स पर दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी और यह संस्थान सुचारू रूप से काम करेंगे।
प्रशासन की पैनी नजर, नहीं होने दी जाएगी किल्लत
औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल के दौरान मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। सभी चिन्हित केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे। प्रशासन ने जिले के नागरिकों से धैर्य रखने और किसी भी आपातकालीन जरूरत के समय सीधे अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल या इन निर्धारित निजी केंद्रों पर संपर्क करने की अपील की है।


