Sehore News: सीहोर। शहर के वार्ड क्रमांक 14 के अंतर्गत आने वाले डोहर मोहल्ले के सैकड़ों निवासियों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। अनुसूचित जाति डोहर समाज के महिला और पुरुषों ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार डॉ. अमित सिंह को ज्ञापन सौंपकर सतिमाता धर्मशाला के मुख्य द्वार से अवैध अतिक्रमण हटाने और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है।
डोहर समाज के अध्यक्ष गोपाल सिंह फौजी और धर्मशाला निर्माण समिति के अध्यक्ष अजय कुमार अखिपुरिया ने बताया कि मोहल्ले में लगभग 150 परिवार वर्षों से निवास कर रहे हैं। यहां उनके पूर्वजों द्वारा निर्मित सतिमाता मंदिर और हनुमान मंदिर स्थित है। समाज का आरोप है कि राजेश राठौर और उनके पुत्र रितिक राठौर द्वारा मंदिर व धर्मशाला के मुख्य द्वार पर पट्टे की भूमि के अतिरिक्त लगभग 25-30 फीट क्षेत्र में गिट्टी, बालू और निर्माण सामग्री पटक कर अवैध अतिक्रमण किया गया है।
महिलाओं के साथ अभद्रता की शिकायत
ज्ञापन में बताया गया कि जब समाज की महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए मंदिर जाती हैं तो अतिक्रमणकर्ता उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करता है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में 15 अप्रैल को भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, जिसके बाद सीएसपी डॉ. अभिनन्दना शर्मा ने रात में जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाया था। आरोप है कि इसके बावजूद उक्त व्यक्ति द्वारा दोबारा बाधा उत्पन्न की जा रही है और विवाद किया जा रहा है।
कलेक्टर और एसपी से न्याय की गुहार
समस्याओं को लेकर समाज के लोगों ने पहले कलेक्टर कार्यालय और उसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सीएसपी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की है कि सार्वजनिक रास्ते और मंदिर के द्वार से स्थाई रूप से अवैध निर्माण हटाया जाए ताकि धार्मिक कार्यों में कोई बाधा न आए।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद नरेंद्र खंगराले, आरती खंगराले, राजमल दोहरे, मांगीलाल डोहर, अंकित, देवीसिंह, लक्ष्मी बाई, गुलाब बाई, हेमलता, ओमवती, गीता बाई और आशा बाई सहित बड़ी संख्या में समाज जन उपस्थित रहे।


