सीहोर। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इस बात को शहर के नन्हे बालक व्रज अग्रवाल ने सच कर दिखाया है। मात्र 4 वर्ष 9 माह की उम्र में व्रज ने गणितीय कौशल से सबको हैरान कर दिया है। व्रज ने इंटरनेशनल नंबर सिस्टम की जटिल प्लेस वैल्यू को ‘नोवेमक्वाड्राजिंटिलियन’ तक मात्र 53 सेकंड में सुनाकर एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया है।
पवन अग्रवाल के सुपुत्र व्रज ने जिस तेजी और स्पष्टता के साथ इन अंतरराष्ट्रीय संख्याओं को सुनाया है, वह किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है। आमतौर पर इतनी कम उम्र के बच्चे गिनती सीखने की शुरुआत करते हैं, लेकिन व्रज ने उन संख्याओं के नाम और क्रम को कंठस्थ कर लिया है जिन्हें बोलना और याद रखना अच्छे-अच्छों के लिए चुनौती होता है।
क्या है ‘नोवेमक्वाड्राजिंटिलियन’
इंटरनेशनल नंबर सिस्टम एक मानकीकृत संख्यांकन प्रणाली है, जिसमें संख्याओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त तरीके से प्रस्तुत किया जाता है। इसमें संख्याओं को तीन-तीन के समूह में विभाजित किया जाता है, जैसे कि 1000, 100000, 1000000 आदि। यह प्रणाली वैश्विक स्तर पर व्यापार, वित्त, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में संख्याओं के स्पष्ट और सटीक प्रस्तुतीकरण के लिए उपयोग की जाती है।


