200 बेटियों के हाथ होंगे पीले, एक ही मंडप में गूंजेंगे मंत्र और निकाह की आयतें

10 sehore photo 10

सीहोर। शहर के चंद्रशेखर आजाद कॉलेज मैदान पर आज खुशियों की शहनाइयां गूंजेंगी। नगर पालिका परिषद और सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से यहां मुख्यमंत्री सामूहिक कन्यादान योजना के तहत एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि यहां गंगा-जमुनी तहजीब का नजारा दिखेगा, जहां हिंदू और मुस्लिम बेटियां एक साथ अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगी।
मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और कार्यक्रम प्रभारी नरेंद्र राजपूत ने अपनी टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल, भोजन व्यवस्था और बैठने के इंतजामों को देखा ताकि आने वाले वर-वधू और उनके परिजनों को कोई परेशानी न हो। नपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विदाई के समय बेटियों को दी जाने वाली सामग्री और शासन की सहायता राशि का काम पूरी पारदर्शिता और सम्मान के साथ किया जाए।
122 फेरे और 78 निकाह
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बताया कि इस सम्मेलन में कुल 200 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसमें 122 हिंदू बेटियां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सात फेरे लेंगी, वहीं 78 मुस्लिम बेटियों का निकाह कुरान की आयतों के साथ पूरी रीति-रिवाज से पढ़ाया जाएगा। दोनों समुदायों के लिए मैदान पर अलग-अलग और भव्य व्यवस्थाएं की गई हैं।
मिलेगी शासन की मदद
सामाजिक न्याय विभाग द्वारा सभी नव दंपत्तियों को शासन की योजना के अनुसार आर्थिक सहायता राशि और जरूरी घरेलू सामान भेंट किया जाएगा। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर के अनुसार यह आयोजन केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि गरीब बेटियों का घर बसाने का एक पुनीत ‘सेवा संकल्प’ है।