राज्यसभा चुनावी रण, सीएम हाउस पहुंचे विधायक सुदेश राय, सीएम से की भेंट

08 sehore photo 07

Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा पूरी तरह गरमा चुका है। तीसरी सीट के लिए छिड़े इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के बीच सीहोर विधायक सुदेश राय सोमवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की और जिले के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। इसके बाद विधायक सुदेश राय मुख्यमंत्री निवास पर ही आयोजित हुई भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में भी सम्मिलित हुए। इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वरिष्ठ नेताओं ने आगामी राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की रणनीति और मतदान की बारिकियों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा के सभी विधायकों को राज्यसभा चुनाव की पूरी वोटिंग प्रक्रिया को बारीकी से समझाया। चुनाव में किसी भी प्रकार की तकनीकी गलती या वोट रिजेक्ट होने की स्थिति से बचने के लिए विधायकों को ट्रेनिंग दी गई। बता दें मुख्यमंत्री ने किसी भी उलटफेर से बचने के लिए अपने सभी विधायकों को 8 जून तक भोपाल में ही डेरा डाले रहने का कड़ा निर्देश दिया था, जिसका पालन करते हुए सभी विधायक लामबंद नजर आए।
मुकाबले में आया ट्विस्ट
बता दें मध्य प्रदेश की राजनीति में इस वक्त सबसे बड़ी हलचल राज्यसभा चुनाव को लेकर मची हुई है। सूबे की तीसरी राज्यसभा सीट के लिए सस्पेंस और सियासी ड्रामा चरम पर पहुंच गया है। दरअसल कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल कर दिया है, लेकिन असली ट्विस्ट भाजपा ने दिया है। भाजपा की तरफ से तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं, लेकिन पार्टी ने अपने अतिरिक्त वोट होने का दावा करते हुए महेश केवट को तीसरे उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प बना दिया है। इसके बाद से ही एमपी की सियासत में क्रॉस वोटिंग की बुगाहट तेज हो गई है।