जिले में होली की धूम, सडक़ों पर उतरा रंगों का सैलाब, भाईचारे के साथ मनाया जा रहा महापर्व

04 sehore photo 01

सीहोर। फागुन की मस्ती, हवा में उड़ते अबीर-गुलाल और होली है के गूंजते शोर के बीच बुधवार को समूचा सीहोर जिला रंगों के उत्सव में सराबोर नजर रहा है। जिला मुख्यालय सहित जिले के तमाम कस्बों और ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक उल्लास और वैभव के साथ यह महापर्व मनाया गया। श्रद्धा, परंपरा और आपसी भाईचारे के अनूठे संगम के बीच हर चेहरा रंगों से सराबोर नजर आया।
गौरतलब है कि इस वर्ष तिथि और खगोलीय गणनाओं के कारण होली के आयोजनों में थोड़ा बदलाव देखा गया। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण होने के कारण आस्था और धार्मिक मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्य चल समारोह और रंग खेलने का कार्यक्रम आज यानी 4 मार्च बुधवार को आयोजित किया गया। पुरानी परंपराओं के अनुरूप ग्रहण के सूतक काल की समाप्ति के बाद आज सुबह से ही लोग टोलियों में सडक़ों पर निकल आए।
गली-मोहल्लों में डीजे की धुन पर थिरक रहे युवा
सीहोर शहर के गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य चौराहों तक केवल उल्लास का माहौल रहा। जगह-जगह लगे डीजे सिस्टम पर थिरकते युवाओं की टोलियां आकर्षण का केंद्र रहीं। फिल्मी गानों और होली के पारंपरिक गीतों पर युवा देर शाम तक झूमते रहे। उत्साह केवल युवाओं तक सीमित नहीं था, महिलाओं और युवतियों की टोलियों ने भी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और पकवानों का लुत्फ उठाकर इस पर्व को खास बनाया। बच्चों में पिचकारियों और रंगीन गुब्बारों को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
जिले भर में दिखा उत्सव का उल्लास
रंगों का यह कारवां केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। सीहोर के बुदनी, रेहटी, शाहगंज, भैरुंदा, लाडक़ुई, इछावर, आष्टा, जावर, कोठरी, श्यामपुर और मेहतवाड़ा सहित संपूर्ण जिले में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जा रहा है।
सुरक्षा के रहे चाक-चौबंद इंतजाम
खुशियों के इन रंगों में किसी भी प्रकार का खलल न पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट रहा। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन का सहारा लिया गया।
हुड़दंगियों पर पैनी नजर
हुड़दंगियों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग पॉइंट बनाए थे। शांति समिति की बैठकों का असर भी धरातल पर दिखा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से मन रहा है। कुल मिलाकर बुधवार को संपूर्ण जिला प्रेम और सद्भाव के एक विराट संगम का साक्षी बन रहा है, जहां हर कोई बस प्यार के रंग में रंगा नजर आ रहा है।