सूचना नहीं मिलने से दुखी भाजपा पदाधिकारी…

kirshna gour

सीहोर। जिले की प्रभारी व प्रदेश की कैबिनेट मंत्री कृष्णा गौर आज जिला मुख्यालय के दौरे पर हैं, वह आ गईं हैं। इधर उनके दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय संगठन के भीतर अंदरूनी नाराजगी के स्वर उभर गए हैं। जिला कार्यकारिणी के कई महत्वपूर्ण पदाधिकारियों तक दौरे की सूचना नहीं पहुंचने से वह दुखी हैं।
बताया जा रहा है कि प्रभारी मंत्री के आगमन और उनके तय कार्यक्रमों की आधिकारिक सूचना भाजपा जिला कार्यकारिणी के कई वरिष्ठ और सक्रिय पदाधिकारियों को समय पर नहीं दी गई। प्रोटोकॉल और संगठन की परंपरा के अनुसार प्रभारी मंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय संगठन की भागीदारी अनिवार्य होती है। ऐसे में सूचना के अभाव में कार्यक्रमों से दूर रहे पदाधिकारियों ने अपनी पीड़ा जाहिर की है। दबी जुबान में कई नेताओं का कहना है कि वे इस उपेक्षा से बेहद दुखी और आहत हैं।
समन्वय की कमी पर उठे सवाल
पार्टी के भीतर चर्चा है कि जिला मुख्यालय पर इतने बड़े कार्यक्रम के बावजूद जिला कार्यकारिणी के कई सदस्यों को अंधेरे में क्यों रखा गया। कार्यकर्ताओं के बीच आपस में खुसफुसाहट है कि यदि प्रभारी मंत्री के दौरे की जानकारी ही उन्हें नहीं मिलेगी तो वे आम जनता और निचले स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच सरकार की उपलब्धियों का संदेश कैसे पहुंचाएंगे।