Sehore News: सीहोर। शहर में इन दिनों सीएनजी की किल्लत गंभीर समस्या बनती जा रही है। हालत यह है कि शहर के तीनों सीएनजी पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। घंटों इंतजार के बाद भी कई वाहन चालकों को मायूस होकर बिना गैस भरवाए लौटना पड़ रहा है। मांग बढऩे और आपूर्ति कम रहने से आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
बता दें शहर में वर्तमान में तीन सीएनजी पंप संचालित हो रहे हैं, लेकिन इनके बावजूद गैस की उपलब्धता जरूरत के मुकाबले कम पड़ रही है। सुबह और शाम के समय सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों की लंबी लाइनें पंपों के बाहर आम बात बन गई हैं। कई बार वाहन चालकों को दो से तीन घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।
पंप संचालक बोले मांग ज्यादा, सप्लाई कम
पटेल पंप के संचालक शैलेष पटेल ने बताया कि वर्तमान में मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है। शहर में सीएनजी वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप सप्लाई नहीं मिल पा रही है। इसी कारण कई बार स्टॉक जल्दी खत्म हो जाता है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि नियमित और पर्याप्त आपूर्ति मिलने पर ही स्थिति सामान्य हो सकती है।
ऑटो चालकों की कमाई पर असर, निजी वाहन मालिक भी परेशान
वाहन चालकों का कहना है कि सीएनजी सस्ती होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अब इसी ईंधन का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन पर्याप्त गैस नहीं मिलने से रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऑटो चालकों का कहना है कि लाइन में लगने के कारण उनकी रोज की कमाई प्रभावित हो रही है। कई बार सवारी छोडक़र घंटों पंप पर खड़ा रहना पड़ता है। वहीं निजी वाहन मालिकों को भी कामकाज और यात्राओं में देरी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन से आपूर्ति बढ़ाने की मांग
गर्मी के मौसम में लंबी कतारों में खड़े रहना लोगों के लिए और अधिक मुश्किल साबित हो रहा है। नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित गैस कंपनियों से मांग की है कि सीएनजी की आपूर्ति बढ़ाई जाए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।


