Sehore News: सीहोर। राजनीति में कब कौन, कहां और किसके साथ दिख जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। अब तो डिजिटल युग है तो साहब। लोकेशन छिपे भी तो कैसे छिपे, ऐसा ही एक बड़ा ही दिलचस्प और मजेदार वाकया बीती गुरुवार की रात को घटित हुआ, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी। सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट इस कदर तैर रहा है कि जिसे चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
दरअसल भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन को और धार देने के लिए एक प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने जा रही है। अब ट्रेनिंग से पहले होमवर्क तो जरूरी है तो इसी सिलसिले में गुरुवार रात को बीजेपी के दिग्गजों की एक बेहद अहम ऑनलाइन बैठक बुलाई गई। बैठक डिजिटल थी सो सब अपने-अपने कैमरों के सामने सज-धज कर बैठ गए। इस हाई प्रोफाइल वर्चुअल मीटिंग में करीब आधा दर्जन आला पदाधिकारी जुड़े हुए थे। रणनीति तैयार हो रही थी, ‘कमल’ को और खिलाने के मंत्र बांटे जा रहे थे कि तभी, तभी स्क्रीन पर कुछ ऐसा दिखा कि बीजेपी वालों के होश उड़ गए। दरअसल, जो चेहरा नजर आ रहा था, वह कोई और नहीं, बल्कि शहर के ही कांग्रेस नेता का नजर आ रहा है।
इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या उन्हें रिमूव करता किसी खिलाड़ी ने उस स्क्रीन का स्क्रीनशॉट ले लिया और फिर क्या था, वही स्क्रीनशॉट अब सोशल मीडिया पर वायरल है। इधर अब चर्चा हो रही है कि क्या कांग्रेस नेता पाला बदलने वाले हैं।


