सीहोर के खाद्य विभाग ने निभाई औपचारिकता…

02 sehore photo 14

सीहोर। त्योहार आते ही प्रशासन का खाद्य विभाग एक बार फिर नींद से जागा है। होली के ठीक पहले मिलावट रोकने के नाम पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंट्स पर दबिश दी। हालांकि इस कार्रवाई को आमजन महज औपचारिकता मान रहे हैं, क्योंकि दीपावली के समय लिए गए नमूनों की रिपोर्ट का आज तक खुलासा नहीं हो सका है।
कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देश पर टीम ने सीहोर और श्यामपुर के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। शहर के मेवाड़ा रेस्टोरेंट, बालाजी रेस्टोरेंट, सरकार रेस्टोरेंट, यादव रेस्टोरेंट, श्याम रेस्टोरेंट और पूर्वा नमकीन सेंटर से खाद्य सामग्रियों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए हैं। इसी तरह श्यामपुर में भी टीम ने दुकानों की जांच की और सैंपल लिए।
पिछली रिपोर्टों का क्या हुआ
खाद्य विभाग की इस सक्रियता पर जनता सवाल उठा रही है। जागरूक नागरिकों का कहना है कि विभाग केवल त्योहारों के समय फोटो खिंचवाने और औपचारिकता पूरी करने के लिए सैंपल लेता है। दीपावली के समय भी जिलेभर से भारी मात्रा में नमूने लिए गए थे, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उनकी लैब रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई।
होली पर मिलावट का खतरा
होली के दौरान मावा, पनीर, घी और नमकीन की खपत बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। प्रशासन का दावा है कि इन नमूनों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन जब तक रिपोर्ट आती है, तब तक मिलावटी सामान बाजार में बिक चुका होता है।