भोपाल के बाद अब सीहोर को भी अपना आशीष देंगे राजाभोज….

20 sehore photo 07

सीहोर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की पहचान बन चुके महान शासक राजाभोज अब सीहोर को भी अपनी गरिमा और ऐतिहासिक विरासत से अभिसिंचित करेंगे। शहर के भोपाल नाका चौराहे पर देश के महान विद्वान, जननायक और परमार वंश के गौरव राजाभोज जी की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। आगामी 22 फरवरी को इस प्रतिमा का भव्य अनावरण होने जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने इस आयोजन को लेकर शहरवासियों में उत्साह का संचार किया है। उन्होंने कहा कि राजाभोज केवल एक शासक नहीं थे, बल्कि वे सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और जनकल्याण के उन आदर्शों के प्रतीक हैं, जिन्होंने हमारे प्रदेश को पूरी दुनिया में एक विशिष्ट पहचान दिलाई। भोपाल के बाद सीहोर में उनकी प्रतिमा का स्थापित होना शहर के लिए सौभाग्य की बात है। यह प्रतिमा आने वाली पीढिय़ों को निरंतर स्वाभिमान और वीरता की प्रेरणा देती रहेगी।
नगर पालिका और परमार समाज का संयुक्त गौरव
बता दें इस प्रतिमा की स्थापना सीहोर नगर पालिका परिषद और समस्त परमार समाज के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। भोपाल नाका चौराहा, जो शहर का प्रवेश द्वार माना जाता है, अब राजाभोज की भव्य प्रतिमा से सुसज्जित होकर आगंतुकों का स्वागत करेगा। प्रतिमा स्थापना को लेकर समाज के लोगों में भारी हर्ष व्याप्त ह।
लोकार्पण समारोह के लिए उमड़ा जनसमर्थन
नपा अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने समस्त शहरवासियों से विनम्र अपील करते हुए कहा है कि यह आयोजन किसी एक समाज या परिषद का नहीं, बल्कि पूरे सीहोर का है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि 22 फरवरी को आयोजित इस गौरवशाली लोकार्पण कार्यक्रम में अपने पूरे परिवार के साथ सम्मिलित होकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें।