नामांकन के लिए भोपाल पहुंचे तरुण चुग, अरोरा के नेतृत्व में हुई भव्य अगवानी

06 sehore photo 06

सीहोर। मध्य प्रदेश कोटे से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए गए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग नामांकन दाखिल करने के लिए भोपाल पहुंचे। राजा भोज एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा उनका ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। इस भव्य अगवानी में सीहोर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व जिला पंचायत व पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा विशेष रूप से शामिल हुए।
एयरपोर्ट पर सीहोर के कद्दावर भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा ने राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत और सत्कार किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बेहद गर्मजोशी भरे माहौल में कुछ देर सांगठनिक और विभिन्न विषयों पर विशेष चर्चा भी हुई। तरुण चुग की उम्मीदवारी को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और सभी ने उन्हें होने वाले चुनाव के लिए अग्रिम बधाई व शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का जताया आभार
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष और मध्य प्रदेश के प्रदेश नेतृत्व का सहृदय आभार व्यक्त किया।
सिख-पंजाबी खत्री समाज गौरवान्वित
भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा ने कहा किए पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने सिख-पंजाबी खत्री समाज के गौरव तरुण चुग जी को मध्य प्रदेश के कोटे से राज्यसभा उम्मीदवार बनाकर पूरे समाज का मान बढ़ाया है। शीर्ष नेतृत्व के इस फैसले से हमारा पूरा समाज बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। तरुण चुग जी के राज्यसभा में जाने से मध्य प्रदेश के विकास के साथ-साथ संगठन को भी एक नई ऊर्जा मिलेगी।