डीआईजी चंदेल ने जूते और बेल्ट भी देखे…

23 sehore photo 13

Sehore News: सीहोर। भोपाल रेंज देहात के पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने शनिवार को जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उनका पूरा फोकस पुलिस महकमे के अनुशासन और मुस्तैदी पर रहा। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित वार्षिक परेड के दौरान डीआईजी श्री चंदेल ने न सिर्फ सलामी ली, बल्कि मैदान में तैनात एक-एक अधिकारी और कर्मचारी के पास जाकर उनके टर्नआउट को परखा। उन्होंने जवानों की वर्दी, बेल्ट की कसावट और जूतों की चमक तक का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय पुलिस कप्तान सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
शनिवार सुबह पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित भव्य परेड की कमान रक्षित निरीक्षक उपेन्द्र यादव ने संभाली। परेड में शामिल बल के अनुशासन, परेड ड्रिल, मार्चिंग और आपसी तालमेल का डीआईजी ने सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने साफ सुथरी वर्दी और कडक़ टर्नआउट बनाए रखने वाले पुलिसकर्मियों की थपथपाई। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को मौके पर ही पुरस्कृत भी किया गया।
थाना प्रभारियों के वाहनों और वज्र की हुई चेकिंग
परेड के बाद डीआईजी ने पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों का कड़ा निरीक्षण किया। उन्होंने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के वाहनों सहित इंटरसेप्टर व्हीकल, लाइट मोटरयान, भारी वाहनए वज्र वाहन, जेल वाहन और एफएसएल वाहनों की कार्यशीलता व रख-रखाव को देखा। वाहनों में जरूरी टूल्स की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
तनावमुक्त रहकर टीम भावना से काम करने की सीख
वाहन निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन में पुलिस सम्मेलन हुआ, जहां कर्मचारियों ने अपनी आवास संबंधी व नीतिगत समस्याएं रखीं। अपने संबोधन में डीआईजी श्री चंदेल ने कहा सभी अधिकारी-कर्मचारी आपस में टीम भावना और पूरी पारदर्शिता के साथ काम करें। बदलते दौर में खुद को टेक्नोलॉजी के साथ अपडेट रखें और बिना किसी मानसिक तनाव के ड्यूटी करें। काम के साथ-साथ अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखें। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन के शस्त्रागार, वाहन शाखा, स्टोर, कैश शाखा, दिशा लर्निंग सेंटर, जिम, एनजीओ मेस और नव आरक्षक बैरक का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।
कुबेरेश्वरधाम और सलकनपुर की सुरक्षा पर मंथन
वार्षिक निरीक्षण के अंतिम चरण में डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में गंभीर अपराधों, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और विभिन्न पोर्टल की समीक्षा की गई। इसके साथ ही जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों जैसे कुबेरेश्वरधाम, आवंलीघाट, देवीधाम सलकनपुर और चिंतामन गणेश मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था तथा आगामी वीआईपी भ्रमण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर डीआईजी ने सीहोर पुलिस टीम की जमकर सराहना की।