सीहोर। बेखौफ दौड़ते भारी वाहनों की लापरवाही ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। बुधनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तालपुरा जोड़ पर बुधवार सुबह हुए सडक़ हादसे में मां और उनके चार साल के मासूम बेटे की मौत हो गई। वहीं मृतक मासूम के पिता गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे मिट्टी और पत्थरों से ओवरलोड भरा एक तेज रफ्तार डंपर बुधनी की ओर जा रहा था। तालपुरा जोड़ के पास डंपर चालक ने अचानक अपने वाहन को मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल डंपर से टकरा गई।
हादसे के बाद डंपर चालक ने घबराहट या लापरवाही में वाहन को आगे बढ़ाने के बजाय रिवर्स कर दिया। इसके चलते बाइक पर सवार चार वर्षीय मासूम तनिष्क गौर पिता मनीष गौर, निवासी ग्राम जाजना तहसील बुधनी डंपर के भारी पहियों की चपेट में आ गया और उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इस भयानक टक्कर में मासूम के माता-पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान मां ने भी तोड़ा दम
घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने घेराबंदी करके भाग रहे डंपर चालक को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत मधुबन अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम रेफर कर दिया गया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल मां ने भी दम तोड़ दिया। इधर मृतक मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए बुधनी सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।
चालक हिरासत में, मामला दर्ज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि सडक़ हादसे में एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसकी मां की अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हुई है। घायल पिता का उपचार जारी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है।


