Sehore News: सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कालापीपल जागीर में पुरानी जमीनी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद में गंभीर रूप से घायल हुए कैलाश नामक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत से आक्रोशित परिजनों ने आज (गुरुवार) को इछावर थाने के सामने मुख्य सडक़ पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार यह विवाद 26 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे शुरू हुआ था। पीडि़त नेपाल वर्मा पिता स्वरूप सिंह वर्मा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उनके बड़े भाई अनूप वर्मा जब खेत पर मोटर चालू करने गए थे, तभी गांव के ही मनोज वर्मा और अनार सिंह वर्मा ने उन्हें घेर लिया। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे।
बीच-बचाव करने आए परिजनों पर भी हमला
जब अनूप ने जान बचाने के लिए शोर मचाया तो नेपाल और परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर आए। बीच-बचाव की कोशिश के दौरान आरोपी पक्ष के मनोज, दुर्गाप्रसाद, सीता बाई और अनार सिंह ने कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में कैलाश सहित परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की मदद से घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान कैलाश ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आक्रोश और पुलिस की कार्रवाई
कैलाश की मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव फैल गया। आज सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने इछावर थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि इस हत्याकांड में शामिल सभी नामजद आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
इछावर थाना प्रभारी ने विरोध जता रहे परिजन को समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ग्राम कालापीपल जागीर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में मातम और तनाव का माहौल बना हुआ है।


