गगन जन सेवा समिति के शिविर में 500 मरीजों का हुआ नि:शुल्क इलाज, दवाइयां भी बांटी गईं

15 sehore photo 11

सीहोर। मानवता की सेवा के संकल्प के साथ गगन जन सेवा समिति द्वारा गल्ला मंडी क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 500 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श और नि:शुल्क दवाइयां प्रदान की गईं।
स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरेश गुप्ता, राजेश खंडेलवाल, अनिल पालीवाल एवं समिति के संचालक डॉ. गगन नामदेव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और गगन जन सेवा समिति जैसे संगठन समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दी सेवाएं
नाक, कान एवं गला रोग: डॉ. एल.एन. नामदेव
महिला रोग विशेषज्ञ: डॉ. गरिमा नामदेव
फिजिशियन: डॉ. अमित मोदी एवं डॉ. विवेक सक्सेना
दंत रोग विशेषज्ञ: डॉ. गगन नामदेव, डॉ. प्रियंका सोनी एवं डॉ. शुभम नामदेव
आंखों की जांच के लिए पहुंची सेवा सदन की टीम
इसी क्रम में सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय संत हिरदाराम नगर की विशेषज्ञ टीम ने भी शिविर में विशेष सहयोग दिया। टीम द्वारा आंखों की गहन जांच की गई और मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों से ग्रसित रोगियों को उचित परामर्श दिया गया।
समिति का रहा सराहनीय सहयोग
बता दें गगन जन सेवा समिति विगत कई वर्षों से समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए निरंतर इस तरह के सेवा प्रकल्प चलाती आ रही है। इस शिविर को सफल बनाने में दीपेंद्र बरैया, पवन गुप्ता, प्रीतम वर्मा, दीपक वर्मा, जितेंद्र राठौर, दीपक लोधी, अक्षय साहू और कृष्णा राठौर का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. गगन नामदेव ने सभी सहयोगियों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।