आरोप: सलकनपुर स्थित आश्रम में भी…

17 sehore photo 06

सीहोर। जिले के सलकनपुर (रेहटी) स्थित उत्तम सेवाधाम आश्रम के संचालक और श्री पंच अग्नि अखाड़े के महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी संगीन विवाद में घिर गया हैं। राजस्थान की रहने वाली एक युवती ने उन पर धर्म और आस्था की आड़ में नाबालिग उम्र से ही यौन शोषण और दुष्कर्म करने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। पीडि़ता ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई.मेल भेजकर अपनी जान का खतरा बताते हुए तत्काल 24 घंटे सुरक्षा की मांग की है।
पीडि़ता ने अपनी शिकायत में विशेष रूप से सलकनपुर स्थित आश्रम का हवाला दिया है। आरोप है कि सलकनपुर और बांसवाड़ा के आश्रमों में ध्यान साधना के नाम पर बुलाया जाता था, जहां उसके साथ गलत काम किया गया। पीडि़ता का कहना है कि उसका परिवार लंबे समय से आश्रम से जुड़ा था, जिसका फायदा उठाकर गुरु आज्ञा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के नाम पर उसे अलग-अलग शहरों में बुलाया जाता रहा।
नाबालिग उम्र से शोषण का आरोप
शिकायत के अनुसार शोषण का यह सिलसिला साल 2026 में उज्जैन सिंहस्थ के दौरान शुरू हुआ था, तब पीडि़ता नाबालिग थी और आश्रम के टेंट परिसर में अपने परिवार के साथ ठहरी हुई थी। पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद दिल्ली के होटलों में भी उसे बुलाया जाता था, जहां पहचान छिपाने के लिए अन्य नामों से कमरे बुक किए जाते थे।
मिलने लगी धमकियां
मीडिया रिपोट्स के अनुसार पीडि़ता ने दिल्ली पुलिस को बताया कि जैसे ही आरोपी को कानूनी कार्रवाई की भनक लगी, उसे और उसके परिवार को धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं। करीबी लोग समझौते का दबाव बना रहे हैं और उसकी जासूसी की जा रही है। युवती ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा है कि उसके पास इन आरोपों को सिद्ध करने के लिए पुख्ता सबूत मौजूद हैं।
विवादों से रहा है पुराना नाता
गौरतलब है कि उत्तम स्वामी महाराज हाल ही में तब चर्चा में आए थेए जब उन्होंने सलकनपुर आश्रम के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के न पहुंचने पर मंच से तीखी नाराजगी जाहिर की थी। बाद में मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से उनसे माफी भी मांगी थी। अब दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों ने महाराज की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
दिशा निर्देश नहीं
फिलहाल हमें इस मामले में कोई औपचारिक दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। जैसे ही वरिष्ठ अफसरों से निर्देश मिलेंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कहारे, थाना प्रभारी रेहटी