पूर्व विधायक शंकरलाल साबू के पोते शुभम की एआई पोस्ट को एलन मस्क ने किया रीपोस्ट

  • सीहोर। मध्य प्रदेश के छोटे से शहर सीहोर के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच से एक बेहद गौरवशाली खबर सामने आई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में दुनियाभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे भारतीय मूल के युवा तकनीकी विशेषज्ञ शुभम साबू एक बार फिर वैश्विक सुर्खियों में हैं। टेस्ला, स्पेसएक्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के प्रमुख एलन मस्क ने शुभम साबू के तकनीकी विचारों से प्रभावित होकर उनकी पोस्ट को एक बार फिर अपने आधिकारिक अकाउंट से साझा किया है। बता दें कि शुभम साबू सीहोर के पूर्व विधायक स्वर्गीय शंकरलाल साबू के पोते और समाज सेवी सुरेश साबू के सुपुत्र हैं।
    शुभम साबू ने हाल ही में एलन मस्क की एआई कंपनी (एक्सएआई) द्वारा विकसित ग्रोक बॉट का उपयोग करने के बाद अपने अनुभव साझा किए थे। उन्होंने लिखा था कि एक पर्सनल एआई एजेंट के रूप में ग्रोक बॉट उन्हें बाजार में उपलब्ध अन्य विकल्पों की तुलना में बेहद सटीक और बेहतर लग रहा है।
    शुभम की इस समीक्षा को एलन मस्क ने तुरंत पसंद किया और अपने अकाउंट से रीपोस्ट करते हुए लिखा, ग्रोक बॉट का इस्तेमाल करके देखें। मस्क के रीपोस्ट करते ही यह पोस्ट इंटरनेट पर वायरल हो गई और इसे 3 लाख 40 हजार से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।
    कुछ ही दिनों में दूसरी बार एलन मस्क ने दिखाई दिलचस्पी
    यह कोई पहला मौका नहीं है जब एलन मस्क सीहोर के इस युवा वैज्ञानिक के फैन हुए हों। इससे कुछ ही दिनों पहले मस्क ने शुभम की एक और पोस्ट रीपोस्ट की थी, जो गूगल के प्रोजेक्ट सनकैचर और अंतरिक्ष में एआई कंप्यूटिंग से जुड़ी तकनीक पर आधारित थी। उस पोस्ट को भी दुनिया भर में 5 लाख से अधिक लोगों ने देखा था। एक महीने के भीतर दुनिया के सबसे बड़े उद्योगपति द्वारा दो बार विचार साझा किया जाना शुभम साबू की तकनीकी समझ और वैश्विक पहचान को स्थापित करता है।
    गूगल में सीनियर प्रोडक्ट मैनेजर हैं शुभम साबू
    शुभम साबू वर्तमान में अमेरिका में टेक दिग्गज गूगल क्लाउड में सीनियर प्रोडक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वे आधुनिक एआई एजेंट्स और जनरेटिव एआई के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही वे टेक दुनिया के सबसे लोकप्रिय ओपन-सोर्स प्रोजेक्ट्स में शामिल शानदार एलएलएम एप्स के निर्माता भी हैं, जिसे विश्व प्रसिद्ध प्लेटफॉर्म गिटहव पर 1 लाख 40 हजार से अधिक स्टार्स मिल चुके हैं। शुभम अपने एआई न्यूजलेटर और सोशल मीडिया के माध्यम से दुनियाभर के लाखों डेवलपर्स को नई तकनीकों से जोड़ते हैं।