सीहोर। इछावर के भाऊखेड़ी गांव में युवक सचिन वर्मा की गोली लगने से हुई मौत के मामले में असली कहानी सामने आते ही पुलिस भी चौंक गई। इस वारदात का आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि सचिन का ही परिचित शेर सिंह निकला, जो अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी करता है। घटना के बाद शेर सिंह ने न सिर्फ खुद को बचाने की चाल चली, बल्कि अगले दिन ग्रामीणों के साथ चक्काजाम में शामिल होकर पुलिस को गुमराह करने की भी पूरी कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात सचिन वर्मा बाइक से भाऊखेड़ी जोड़ गया था। वहां एक ढाबा संचालक का पहले भूसे की गाड़ी वाले और फिर रेत की गाड़ी वाले से विवाद हो रहा था, जिसे देखने के लिए सचिन ने अपनी बाइक रोक दी।
वहीं पर गार्ड शेर सिंह मौजूद था, जो कथित तौर पर शराब के नशे में था और उसके पास 12 बोर की लोडेड राइफल थी। सचिन ने राइफल हाथ में लेकर देखनी शुरू की, जिस पर नशे में धुत शेर सिंह ने उसे धमकाते हुए कहाकृ ष्मेरी गन से मत छेड़, चला दूंगा। इसी कहासुनी के दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई, जो सीधे सचिन के सिर में जा लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक सचिन पेशे से ड्राइवर था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से गांव में रहकर परिवार के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटा रहा था।

चक्काजाम की भीड़ में चेहरा छिपाता रहा शेर सिंह
रविवार सुबह सचिन की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश भडक़ उठा और परिजन व ग्रामीण सुबह 9.30 बजे इछावर-नसरुल्लागंज मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर बैठ गए। लोग आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और भोपाल में पोस्टमॉर्टम कराए जाने को लेकर नाराज थे।
हालात संभालने के लिए नसरुल्लागंज, आष्टा और सीहोर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। अधिकारियों के पांच आश्वासन जिनमें एसआईटी गठन और दो घंटे में संदेहियों को राउंडअप करने की बात शामिल थी, के बाद दोपहर 12.30 बजे जाम खुला।
भीड़ में मौजूद था शेरसिंह
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के अनुसार चक्काजाम के दौरान शेर सिंह भी भीड़ के बीच मौजूद था और ऐसा जताता रहा जैसे उसे कुछ पता ही न हो। लेकिन जब पुलिस ने गांव में बारीकी से पूछताछ की, स्थानीय लोगों से इनपुट जुटाए और चश्मदीद गवाहों व अहम सुरागों की कड़ी जोड़ी तो शेर सिंह का राज खुल गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एक्स-रे में मिले 9 छर्रे
सिर में गंभीर चोट के चलते शुरुआत में मौत की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। भोपाल के हायर मेडिकल सेंटर में पोस्टमॉर्टम और पूरे शरीर के एक्स-रे में प्रारंभिक तौर पर शरीर से करीब 9 छर्रे मिलने की बात सामने आई है। विस्तृत रिपोर्ट से स्थिति और साफ होगी। पुलिस ने शेर सिंह के पास से 12 बोर की राइफल, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। वारदात के वक्त उसके नशे में होने की भी जांच की जा रही है। मामले की जांच के लिए एसडीओपी रोशन जैन और इछावर टीआई गिरीश दुबे के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया हैए जो अपनी रिपोर्ट एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे को सौंपेगा। पुलिस जांच पूरी कर चालान पेश करेगी और केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाने की तैयारी है।


