#Sehore, सीहोर। राजधानी के निशातपुरा इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कर्ज और मानसिक तनाव के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही घर में परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी और खुद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज मामले में अब कई बड़े खुलासे हो रहे हैं।
मृतक नरेंद्र के छोटे भाई ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि नरेंद्र सीहोर की एक महिला के संपर्क में था, जो उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। इसी ब्लैकमेलिंग और कर्ज के दबाव के कारण नरेंद्र ने दोस्तों और अन्य लोगों से भारी उधार ले रखा था। वहीं नरेंद्र की बहन मधु ने आरोप लगाया कि उसके भाई को करीब छह लोग जिनमें नेहा, मामा गोपाल साहू, श्वेता, सिमर, चिंटू और देवा शामिल हैं, कर्ज के लिए लगातार प्रताडि़त कर रहे थे। नरेंद्र हर महीने लगभग 40 हजार रुपए सिर्फ ब्याज के रूप में चुका रहा था।
परिवार पर था 25 से 30 लाख रुपए का कर्ज
परिजनों के अनुसार रेस्टोरेंट और पुरानी कारों के कारोबार में हुए भारी नुकसान के बाद नरेंद्र पर करीब 25 से 30 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। हालात इतने बिगड़ गए थे कि कर्ज चुकाने के लिए उसे अपना मकान, कार और बाइक तक बेचनी पड़ गई थी और घर के गहने भी गिरवी रखने पड़े थे। आर्थिक तंगी के कारण बुजुर्ग मां को भी किराए के लिए काम करना पड़ रहा था।
घर के अंदर मिले चार शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जब नरेंद्र के घर पहुंची तो अंदर का नजारा दिल दहला देने वाला था। घर के चार सदस्यों के शव बिस्तर पर मिले, जिनके गले और सिर पर धारदार हथियार तथा हथौड़े जैसे भारी सामान से चोट के निशान थे। कुछ दिन पहले ही परिवार ने नरेंद्र की 10 साल की बेटी कीर्ति का जन्मदिन मनाया था।
पुलिस की जांच जारी
घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें नरेंद्र सुबह करीब 8.50 बजे अपनी बुलेट बाइक से घर से निकलता दिखा। इसके कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और परिजनों द्वारा लगाए गए ब्लैकमेलिंग व प्रताडऩा के आरोपों की गहराई से जांच कर रही है।


