भाजपा में आपसी तनातनी के बीच कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी घोषित

सीहोर। जिले की राजनीति में इन दिनों भारतीय जनता पार्टी के भीतर मची आपसी तनातनी और खींचतान सबसे बड़ा चर्चा का विषय बनी हुई है। भैरुंदा के कोसमी गांव में आदिवासियों के घर तोड़े जाने का मामला न सिर्फ जिले में बल्कि पूरे प्रदेश भर में सुर्खियों में छाया हुआ है। इसी सियासी उठापटक और भाजपा के अंदरूनी घटनाक्रम के बीच मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अपनी नई और बहुप्रतीक्षित जिला कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा कर दी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती द्वारा घोषित इस नई टीम में चारों विधानसभाअ आष्टा, सीहोर, इछावर और बुधनी के कार्यकर्ताओं को सधा हुआ प्रतिनिधित्व दिया गया है।
बता दें राजनीतिक गलियारों में इन दिनों भैरुंदा के कोसमी का मामला हर जुबान पर है। कोसमी में आदिवासियों के घर तोड़े जाने की घटना के विरोध में खुद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान को धरने पर बैठना पड़ा था। इस दौरान जिले के कुछ चुनिंदा बीजेपी नेताओं ने शिवराज सिंह चौहान का समर्थन करते हुए आदिवासियों की पदयात्रा पर फूल बरसाए तो वहीं पार्टी के कई अन्य दिग्गज नेताओं ने इस पूरे घटनाक्रम से पूरी तरह दूरी बनाए रखी।
हालांकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच चर्चा और मिले आश्वासन के बाद आदिवासी आधे रास्ते से वापस कोसमी लौट आए, लेकिन इस पूरे प्रदर्शन और भाजपा के भीतर की गुटबाजी को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। राजनीतिक गलियारों में यह संतुष्टि भरी चर्चा नहीं है, बल्कि इससे भाजपा के अंदरखाने की कलह खुलकर सामने आ गई है।
इधर राजीव ने घोषित की टीम
सत्तारूढ़ दल के भीतर चल रही इसी आपसी तनातनी और असहजता के माहौल के बीच कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बिना वक्त गंवाए अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। यह कार्यकारिणी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार तथा जिला प्रभारी जयश्री हरिकरण की अनुशंसा और सहमति से गठित की गई है। जिलाध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि अनुभव और युवा जोश के इस अनूठे समावेश वाली नई टीम से धरातल पर संगठन को मजबूती मिलेगी और यह जनता के अधिकारों की लड़ाई को और अधिक प्रभावी ढंग से लड़ेगी।
प्रमुख पदों पर अनुभवी चेहरों को कमान
नई कार्यकारिणी में संगठन महासचिव पद की जिम्मेदारी सीहोर नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद विवेक राठौर को सौंपी गई है। रमेश गुप्ता को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। उपाध्यक्ष कमल सिंह चौहान, राजेश यादव भूरा, जफर लाला, मदनलाल इटावदिया, सत्यनारायण भाटी, सुनील दुबे, अजय पटेल नंदगांव, संजीव अग्रवाल, रघुवीर सिंह दांगी और शोभाल सिंह ठाकुर को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
महासचिवों और सचिवों की जिम्मेदारी
महासचिव पद पर जितेंद्र शोभाखेड़ी, राजेन्द्र भरेवा, रामनारायण परमार, गीता देवी राठौर, ममता कीर, इदरीश मंसूरी, सुरेंद्र परमार, सुनील कटारा, राजकुमार तुलसी राठौर, उमाशंकर नागर, राजेन्द्र यादव, ओमाबाबा राठौर, देवीसिंह तंवर, जितेंद्र परिहार और विजेंद्र उइके।
सचिव: भगवत पटेल, गोविंद सिंह सोलंकी, राजकुमार गौर, सतीश शर्मा, रूपसिंह केवट, प्रेम पटारिया, कमल सिंह वर्मा, सुरेश ठाकुर निवारिया, मुनव्वर खान मामू, दीप्ती कीर, विजेंद्र तिवारी, एहसान खान, मनु मुकेश गड़ोदिया, गीता कुशवाह, राजेन्द्र मेवाड़ा, इंदर सिंह पटेल, चंदरसिंह ठाकुर, अर्जुन सिंह अजय, संजय पाटीदार और उमाशंकर बंटी मीणा।
प्रवक्ता चुनावी प्रबंधन की जिम्मेदारी
प्रवक्ता पंकज शर्मा और देवेंद्र चौधरी को बनाया गया है। सोशल मीडिया प्रभारी अमित पटेल और पल्लव प्रगति। जिला कार्यालय मंत्री भगत सिंह तोमर। वार रूम की कमान प्रवीर परमार प्रभारी एवं राहुल ठाकुर सह प्रभारी को बनाया गया है।
निर्वाचन प्रबंधन: जिला निर्वाचन प्रभारी कृष्णकांत रिछारिया को बनाया गया है, जबकि विधानसभा निर्वाचन प्रभारी के रूप में कमलेश चांडक, राजेश जाट, राकेश राठौर और रामचरण दवारिया को कमान सौंपी गई है। राजीव गुजराती की इस नई टीम में वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और अनुभव का पूरा ध्यान रखा गया है। कार्यकारिणी में 48 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 47 विशेष आमंत्रित सदस्य भी शामिल किए गए हैं।