- सीहोर। रोज की तरह भाई सुबह खेत पर काम करने गया था। दोपहर तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो चिंता हुई और मैं उसे देखने खेत पहुंचा, लेकिन वहां का नजारा देखते ही पैरों तले जमीन खिसक गई। खेत में भाई का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था। जिले के भेरूंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले डीमावर गांव में गुरुवार को सामने आई इस दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहलाकर रख दिया है।
खेत पर काम कर रहे 42 वर्षीय किसान राजेश यदुवंशी पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियारों से अचानक हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हमला इतना ताबड़तोड़ और खतरनाक था कि राजेश को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस को सूचना
काफी देर तक जब राजेश घर नहीं पहुंचे तो उनका भाई उन्हें बुलाने खेत पर गया। वहां का दृश्य देख उसके होश उड़ गए। राजेश खून से लथपथ हालत में बेजान पड़े हुए थे। रोते-बिलखते भाई ने तुरंत गांव वालों को एकत्र किया और पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े हुई इस नृशंस हत्या की खबर फैलते ही डीमावर गांव में हडक़ंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
एफएसएल टीम और पुलिस बल ने संभाला मोर्चा
हत्या की सूचना मिलते ही भेरूंदा थाना पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर फिंगरप्रिंट्स और खून के नमूने समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। आसपास के खेतों और गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
हत्या की वजह अज्ञात, पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल इस खूनी वारदात के पीछे का कारण साफ नहीं हो सका है। पुलिस पुरानी रंजिश, जमीनी विवाद और अन्य संभावित कोणों से मामले की तफ्तीश कर रही है। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के अनुसार पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संदिग्धों पर नजर रख रही हैं और मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं। भेरूंदा एसडीओपी रोशन जैन के अनुसार मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल स्थिति संदिग्ध बनी हुई है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द गिरफ्तारी की मांग
दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड के बाद से डीमावर और आसपास के इलाकों में दहशत के साथ-साथ भारी आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।


