घर में छिपाकर रखी 67 पेटी अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार

#Sehore,सीहोर। जिले के मेहतवाड़ा गांव में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने एक मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी दीप सिंह राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश विश्वकर्मा के नेतृत्व में आबकारी टीम ने ग्राम मेहतवाड़ा निवासी रोहित सिंह ठाकुर के घर पर अचानक छापा मारा।
67 पेटी शराब बरामद, कीमत 2.74 लाख
तलाशी के दौरान आरोपी के घर के भीतर छिपाकर रखी गई कुल 67 पेेटी शराब बरामद की गई। इसमें 62 पेटी देशी मदिरा और 5 पेटी अंग्रेजी मदिरा शामिल है। आबकारी विभाग के अनुसार जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 601 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2 लाख 74 हजार 450 रुपये आंकी गई है।
आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज
अवैध शराब का इतना बड़ा जखीरा मिलने पर आबकारी विभाग ने आरोपी रोहित सिंह ठाकुर के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश विश्वकर्मा व संगीता नायक, उपनिरीक्षक रिया जैन व माधव कुण्डल, मुख्य आरक्षक वैभव नागवंशी, आरक्षक रामसखी, शिखा व हिमानी सहित नगर सैनिक एवं जिला आबकारी दल के सदस्य शामिल रहे।