शहर में आ गया बाघ: मंडी से हाउसिंग बोर्ड की तरफ घूमता दिखा टाइगर, मुरली और अवधपुरी में हडक़ंप

सीहोर। जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय बाघ अब सीधे शहर की सीमा में दाखिल हो गया है। मंगलवार सुबह बाघ मंडी क्षेत्र से होते हुए रेलवे पटरी के किनारे-किनारे हाउसिंग बोर्ड और अवधपुरी की तरफ जाता देखा गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शहर के रिहायशी इलाकों में बाघ की दस्तक ने नागरिकों और प्रशासन दोनों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे मुरली निवासी सुमेर सिंह, मनीष और सतीश परमार ने बाघ को मुरली क्षेत्र के अंदर घूमते देखा। इसके बाद बाघ रेलवे पटरी के किनारे चलते हुए अवधपुरी पानी की टंकी के पास से गुजरकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की ओर बढ़ता नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी
शहर के बीचों-बीच बाघ की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई। फिलहाल वन विभाग का अमला मंडी, मुरली, अवधपुरी और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के आसपास के पूरे इलाके में घेराबंदी कर बाघ की लोकेशन ट्रेस करने और सर्चिंग अभियान में जुटा हुआ है। नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
3 दिनों में तीसरी बार शहर और आसपास दिखा टाइगर
बाघ का इस तरह बेझिझक शहर के अंदर आना किसी बड़े खतरे से कम नहीं माना जा रहा है। गौरतलब है कि 5 दिन पहले जिला मुख्यालय के बेहद करीबी गांव जहांगीरपुरा में बाघ देखा गया था। 3 दिन पहले दशहरा बाग क्षेत्र में बाघ ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह बाघ अब सीधे मंडी और अवधपुरी जैसे घने रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया।