#Sehore, सीहोर। शहर में सोमवार को कुशवाहा समाज द्वारा भगवान लव-कुश जयंती के उपलक्ष्य में भव्य चल समारोह बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ निकाला गया। भोपाल नाका स्थित हनुमान मंदिर से भगवान लव-कुश की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुए इस जुलूस में शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए।
समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों को लव और कुश का रूप दिया गया था। झांकी के माध्यम से भगवान लव-कुश द्वारा श्रीराम जी के अश्वमेध यज्ञ का घोड़ा पकडऩे और संकटमोचन हनुमान जी पर तीर चलाने का जीवंत दृश्य प्रदर्शित किया गया, जिसे देखने के लिए सडक़ों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अखाड़े के कलाकारों ने जग-जगह और प्रमुख चौराहों पर एक से बढक़र एक हैरतअंगेज करतब दिखाए।
वीरांगनाओं के रूप में नजर आईं महिलाएं
जुलूस का मुख्य आकर्षण वीरांगनाओं की भांति सिर पर पारंपरिक पगड़ी बांधकर बड़ी संख्या में शामिल हुईं महिलाएं और युवतियां रहीं। डीजे, बैंड-बाजे और ढोल-धमाकों की धुन पर भगवान लव-कुश के भक्त और युवक-युवतियां झूमते-नाचते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा माहौल धर्ममय और उत्साही बन गया।
शहरभर में हुआ पुष्प वर्षा कर स्वागत
चल समारोह भोपाल नाका से प्रारंभ होकर इंग्लिशपुरा रोड, कोतवाली चौराहा, पान चौराहा, लीसा टॉकीज चौराहा, तहसील चौराहा और शक्कर फैक्ट्री चौराहा होते हुए सुंदर गार्डन पहुंचा। पूरे मार्ग में विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों व नागरिकों ने मंच लगाकर पुष्प वर्षा कर जुलूस का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, समाजसेवी अखिलेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन, पूर्व विधायक रमेश सक्सेना, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, वरिष्ठ नेता जसपाल सिंह अरोरा सहित जन प्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने आयोजन समिति के अध्यक्ष बलराम पटेल कुशवाहा एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों का साफा व पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और समाजजनों को लव-कुश जयंती की शुभकामनाएं दीं।
प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
जुलूस का समापन सुंदर गार्डन में हुआ जहां धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजजनों तथा शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने सामाजिक एकजुटता और उत्थान पर अपने विचार व्यक्त किए। अंत में महाप्रसादी वितरण के साथ जन्मोत्सव कार्यक्रम का समापन हुआ।


