आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं शासन की योजनाओं की रीढ़: प्रिंस-सुदीप

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शहर के सभी वार्डों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलनश् कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने कहा कि समाज के अंतिम छोर तक शासन की जनहितैषी योजनाओं को पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का योगदान अमूल्य है। वे सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी की तरह कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर एवं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने शहर के विभिन्न वार्डों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का दौरा किया। दोनों नेताओं की मौजूदगी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के अथक प्रयासों और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण के लिए उनका आत्मीय सम्मान किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया और केंद्रों पर मौजूद बच्चों व महिलाओं को फल एवं उपहार बांटे गए।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं समाज का एक मजबूत स्तंभ हैं, जो बच्चों के पोषण और महिला कल्याण के कार्यों को दिन-रात समर्पित होकर पूरा करती हैं।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में रीढ़ की हड्डी की तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके निरंतर प्रयासों और निष्ठा से ही जरूरतमंदों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल पा रहा है।
महिलाओं और बच्चों को बांटे गए उपहार
कार्यक्रम में भाजपा महिला मंडल की ओर से वरिष्ठ नेत्री सीमा परिहार और सीमा सक्सेना सहित अन्य महिला नेताओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपस्थित महिलाओं और बच्चों को उपहार व सामग्री वितरित की। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्ञानेश खरे, परियोजना अधिकारी भगवती लाल मालवीय, सेक्टर सुपरवाइजर कविता ओझा, कार्यकर्ता मेघा शर्मा, सहायिका मुस्कान रायकवार, वंदना दुबे सहित विभिन्न वार्डों की कार्यकर्ताएं और सहायिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।