विधायक राय के हाथों चेतक पाकर खिले अनिल-निशा के चेहरे…

सीहोर। शहर के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एक्सीलेंस स्कूल क्रमांक-1 में गुरुवार को स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा बालरंग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में विधायक सुदेश राय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह में छात्र-छात्राओं ने एक से बढक़र एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मप्र सरकार की प्रोत्साहन योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। मुख्य अतिथि विधायक सुदेश राय ने उत्कृष्ट अंक हासिल करने वाले मेधावी छात्र अनिल पाल और छात्रा निशा मीणा को मध्य प्रदेश शासन की योजना के अंतर्गत चेतक स्कूटी की चाबी सौंपी। स्कूटी पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके साथ ही वार्षिक परीक्षाओं में सर्वोत्तम अंक प्राप्त करने वाले तथा एकल व समूह नृत्य में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक सुदेश राय और अन्य मंचासीन अतिथियों ने पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे रहें विद्यार्थी
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चे ही देश और शहर का भविष्य हैं। विद्यार्थी खूब मन लगाकर पढ़ाई करें और आगे चलकर एसपी, कलेक्टर, एसडीएम जैसे बड़े पदों पर पहुंचकर अपने शहर और गांव का नाम रोशन करें। विधायक ने बच्चों को प्रेरित करते हुए आगे कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सभी क्षेत्रों में लगातार प्रयास करते रहना जरूरी है। विद्यार्थियों को खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए और कभी पीछे नहीं हटना चाहिए।
शिक्षक, पालक और अधिकारी रहे मौजूद
इस बालरंग महोत्सव में स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की।