10वें वर्ष और भी भव्यता से निकलेगी चुनरी यात्रा…

#Sehore, सीहोर। शहर में आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति का प्रतीक चुनरी यात्रा इस वर्ष अपने 10वें वर्ष में कदम रख रही है। हिंद रक्षक युवा समिति के तत्वावधान और नगर पालिका अध्यक्ष व समिति संरक्षक प्रिंस राठौर के मार्गदर्शन में इस बार यात्रा को और अधिक भव्य एवं ऐतिहासिक रूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में राठौर धर्मशाला में एक बैठक संपन्न हुई, जिसमें यात्रा के मार्ग, सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

समिति संरक्षक प्रिंस विकास राठौर के अनुसार चुनरी यात्रा का शुभारंभ करौली वाली माता मंदिर में विधिवत आरती और पूजा-अर्चना के बाद होगा। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यह यात्रा कस्बे स्थित इलाही माता मंदिर पहुंचेगी, जहां आरती के साथ इसका समापन होगा। यात्रा का मुख्य आकर्षण 108 मीटर लंबी चुनरी होगी, जिसे हजारों महिलाएं अपने हाथों में लेकर माता के दरबार तक पहुंचाएंगी।
10 से 12 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना
आयोजकों के अनुसार इस धार्मिक आयोजन में शहर ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। इस वर्ष यात्रा में 10 से 12 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। महिलाओं की बड़ी भागीदारी इस यात्रा की प्रमुख पहचान रही है।
कहीं और झुकने की जरूरत नहीं
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा चुनरी यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जो व्यक्ति मां भगवती के दरबार में अपना मस्तक झुका देता है, उसे संसार में कहीं और सर झुकाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने शहरवासियों से पूरे परिवार के साथ इस भव्य यात्रा का हिस्सा बनने की अपील की और युवाओं से यातायात व अनुशासन व्यवस्था संभालने में सहयोग मांगा।
प्रमुख जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
बैठक में संत-महात्माओं के अलावा पूर्व विधायक रमेश सक्सेना, सन्नी महाजन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा, विवेक राठौर सहित हिंद रक्षक युवा समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सर्वसम्मति से यात्रा को सुव्यवस्थित और सफल बनाने का संकल्प लिया।