अरोरा बोले- रामजी के आदर्शों को जीवन में उतारना ही विजयदशमी की सच्ची सार्थकता

#Sehore, सीहोर। भगवान श्रीराम आज भी संपूर्ण देशवासियों के लिए सर्वोच्च आदर्श हैं। उन्होंने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से समाज को सत्य, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। रावण का वध कर उन्होंने यह सिद्ध किया कि अधर्म पर हमेशा धर्म की और असत्य पर सत्य की ही विजय होती है। विजयदशमी केवल पुतला दहन का उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमें अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त कर सद्मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही इस पर्व की असली सार्थकता है।
यह उद्गार छावनी दशहरा उत्सव समिति के मुख्य संरक्षक, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने व्यक्त किए। वे शहर के बाल विहार मैदान पर आयोजित विजयदशमी उत्सव के भूमि पूजन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
महंत हरिरामदास महाराज के सानिध्य में हुआ भूमि पूजन
हर साल की तरह इस वर्ष भी छावनी दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में विजयदशमी का पर्व अपार आस्था, उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। आगामी आयोजन की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ बुधवार को बाल विहार मैदान पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से भूमि पूजन के साथ हुआ। यह धार्मिक अनुष्ठान शहर के प्राचीन श्री हंसदास मठ के महंत हरिरामदास महाराज के पावन मार्गदर्शन में संपन्न कराया गया। इस दौरान मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा, समिति अध्यक्ष व पूर्व पार्षद आशीष गहलोत सहित उपस्थित अतिथियों एवं समिति सदस्यों ने पूजन-अर्चन कर आयोजन की सफलता और शहर की सुख-समृद्धि की कामना की।
धू-धू कर जलेंगे 71 फीट के रावण, कुंभकरण और मेघनाद
समिति के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि भूमि पूजन के संपन्न होने के साथ ही दशहरा उत्सव की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया गया है। इस वर्ष भी बाल विहार मैदान में आकाश छूता 71 फीट ऊंचा रावण का विशालकाय पुतला आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसका दहन किया जाएगा। रावण के साथ-साथ कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का भी दहन होगा।
तैयारियों के लिए पदाधिकारियों को सौंपी गई कमान
आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति में जिम्मेदारियों का विभाजन कर दिया गया है। मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा के कुशल मार्गदर्शन में अध्यक्ष आशीष गहलोत, महामंत्री विनीत गोयल, कोषाध्यक्ष विशाल सेन, राम बारात चल समारोह अध्यक्ष संतोष राठौर हैं। ये सभी पदाधिकारी पूरी समिति के साथ मिलकर बाल विहार मैदान में होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन और पारंपरिक राम बारात चल समारोह की व्यवस्थाओं की कमान संभाल रहे हैं।