एएसपी का विदिशा मॉडल सीहोर में भी लागू…

#Sehore, सीहोर। विदिशा जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सफलतापूर्वक संचालित हुआ पुलिस पंचायत मॉडल अब सीहोर में भी लागू हो गया है। हाल ही में विदिशा से सीहोर स्थानांतरित होकर आए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे की पहल पर सीहोर जिले में भी बुधवार से इस योजना की शुरुआत की गई है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के मार्गदर्शन में शुरू हुई सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत का मुख्य उद्देश्य 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को सुरक्षा, सम्मान और उनकी समस्याओं का त्वरित व न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराना है।
हर बुधवार लगेगी पंचायत
एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे के विदिशा कार्यकाल के दौरान बुजुर्गों की समस्याओं को सुलझाने के लिए शुरू की गई यह व्यवस्था बेहद प्रभावी साबित हुई थी। इसी मॉडल को अपनाते हुए अब सीहोर में भी प्रत्येक बुधवार को एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे और कोर कमेटी के गणमान्य सदस्यों की मौजूदगी में पुलिस पंचायत का आयोजन किया जाएगा। पंचायत का मुख्य उद्देश्य कोर्ट-कचहरी और कानूनी उलझनों से परे दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर समझाइश देना और आपसी सहमति से पारिवारिक या वित्तीय विवादों का समाधान कराना है।
पहले ही दिन सुलझाए तीन मामले

बुधवार की पहली ही पुलिस पंचायत में तीन जटिल विवादों का मौके पर समाधान कराया गया, जिसमें कुबेरेश्वर धाम की दुकान के 60 हजार रुपये बकाया किराए को लेकर फॉरेस्ट कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय महिला को धमकी मिल रही थी। पंचायत में समझाइश के बाद अनावेदक ने 30 हजार रुपये तुरंत दिए और बाकी राशि किश्तों में चुकाने का लिखित वादा किया।
पारिवारिक धमकी
ग्रामीण क्षेत्र के 65 वर्षीय बुजुर्ग को पूर्व बहू के परिजनों द्वारा धमकाए जाने के मामले में दोनों पक्षों को समझाकर भविष्य में विवाद न करने और अदालत के आदेशों का पालन करने पर सहमत कराया गया।
घरेलू हिंसा में समझौता
रेहटी क्षेत्र के बुजुर्ग द्वारा बेटे, बहू और पत्नी पर लगाए मारपीट के आरोपों में पंचायत ने काउंसलिंग कीए जिसके बाद पूरा परिवार आपस में सम्मानपूर्वक साथ रहने को राजी हुआ।
बुजुर्गों को अस्पतालों में मिलेगी छूट
बुधवार को शुरू हुई इस पहल के तहत जिले के 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को फॉर्म, फोटो और आयु प्रमाण पत्र जमा करने पर नि:शुल्क सदस्यता परिचय पत्र दिया जाएगा। इस कार्ड के पीछे पुलिस अधिकारियों के सीधे फोन नंबर दर्ज होंगे। इसके अलावा पुलिस प्रशासन अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर्स के साथ एमओयू कर रहा है, जिससे इस कार्ड को दिखाने पर बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं में विशेष डिस्काउंट मिलेगा।