#Sehore, सीहोर। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में यशराज गार्डन में आयोजित दो दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सीहोर पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजरातीके अनुसार सेकडख़ेड़ी बायपास पर दोपहर में दोनों नेताओं का स्वागत किया जाएगा। पहले सुबह 11.30 बजे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी का स्वागत होगा, जिसके बाद दोपहर 12.30 बजे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का काफिला पहुंचेगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि पार्टी के दोनों दिग्गज नेता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संगठन की मजबूती का मंत्र देंगे।
मंगलवार को हुआ था प्रशिक्षण का शुभारंभ
इससे पहले मंगलवार को दो दिवसीय शिविर की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. संजय कामले, ललित सेन, आरिफा खान और प्रोमिल मित्रा ने ब्लॉक, नगर और मंडलम अध्यक्षों को जमीनी स्तर पर काम करने की ट्रेनिंग दी।
मतदाता सूची, मातृशक्ति और मीडिया पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची की सजगता, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और महिलाओं को समानता का अधिकार देने जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षकों ने मीडिया के माध्यम से जनहित के मुद्दों को तथ्यात्मक रूप से उठाने की बात कही। डॉ. संजय कामले ने कहाए ष्कांग्रेस का कार्यकर्ता मजबूत होगा, तभी संगठन मजबूत होगा। असली ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही मिलती है।
कार्यक्रम में सीहोर जिला प्रभारी जयश्री हरिकिरण, सीहोर विधानसभा प्रभारी दिनेश मेघानी, एआईसीसी सदस्य हरपाल ठाकुर, महेश दयाल चौरसिया, विवेक राठौर, घनश्याम यादव, सुनील दुबे, रमेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आज जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह के संबोधन के साथ इस दो दिवसीय शिविर का समापन होगा।


