सीहोर। शहर में इन दिनों फिल्म हनुमान अंश का जादू सिर चढक़र बोल रहा है। रिलीज के 17 दिन बीत जाने के बाद भी सिनेमाघर के बाहर हर शो में हाउसफुल का बोर्ड टंग रहा है। फिल्म को लेकर दर्शकों की दीवानगी इस कदर है कि आगामी शुक्रवार तक के सभी ऑनलाइन टिकट एडवांस में ही बिक चुके हैं।
बता दें शुरुआत में टॉकीज प्रबंधन ने इस फिल्म को लीसा-2 में लगाया था, लेकिन जैसे-जैसे दर्शकों का उत्साह, अपार आस्था और दीवानगी बढ़ती गई, वैसे-वैसे टॉकीज के बाहर लंबी कतारें लगने लगीं। इसके बाद प्रबंधन को फैसला लेते हुए इसे 400 सीटों की क्षमता वाले बड़े हॉल लीसा-1 में शिफ्ट करना पड़ा। इसके बावजूद 400 सीटों वाला यह हॉल रोजाना खचाखच भरा हुआ है। टॉकीज प्रबंधक राजकुमार जायसवाल का कहना है कि टिकटों की मांग को देखते हुए अगले 15 से 20 दिनों तक यही स्थिति रहने के आसार हैं।
जूते-चप्पल उतारकर देख रहे फिल्म
इस फिल्म को लेकर लोगों में सिर्फ सिनेमाई क्रेज ही नहीं, बल्कि धार्मिक श्रद्धा भी उमड़ रही है। टॉकीज के अंदर का नजारा किसी मंदिर परिसर जैसा जान पड़ता है। दर्शक पूरी आस्था और भक्तिभाव के साथ जूते-चप्पल उतारकर फिल्म देख रहे हैं।
पड़ोसी जिलों से खिंचे चले आ रहे दर्शक
बता दें सीहोर का लग्जरी लीसा टॉकीज अपनी बेहतरीन व्यवस्थाओं के लिए जाना जाता है। यही वजह है कि हनुमान अंश का क्रेज सिर्फसीहोर तक सीमित नहीं है, भोपाल, शाजापुर और राजगढ़ जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग फिल्म देखने के लिए आ रहे हैं।
2 करोड़ के बजट में तोड़े कमाई के रिकॉर्ड
महज 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी दमदार कहानी, शानदार निर्देशन और भक्तिमय संगीत के बल पर कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। सागर के गायक सुनील लोधी द्वारा गाए गए लोकप्रिय भजन मैंने तुम्हारे भरोसे हनुमान सागर में नईया डाल दी.. ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। कुल मिलाकर सीहोर में फिल्म हनुमान अंश ने आस्था और मनोरंजन का ऐसा अनोखा माहौल तैयार कर दिया है, जिसकी चर्चा हर तरफ है।


