सीहोर में आज से सजेगा @कांग्रेस का ‘संगठन सृजन’ शिविर, लगेगी क्लास, मिलेगा जीत का मंत्र

#सीहोर। जिले में कांग्रेस संगठन को मैदानी और जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत, सक्रिय एवं असरदार बनाने के लिए रणनीति तैयार हो चुकी है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी सीहोर द्वारा आज 15 सितंबर से दो दिवसीय जिला स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर का आगाज होने जा रहा है। यशराज गार्डन में 15 और 16 सितंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में जिले भर से करीब 200 प्रमुख पदाधिकारी और चुनिंदा कार्यकर्ता जुटेंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि इस दो दिवसीय शिविर में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष नेता कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने पहुंच रहे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी खुद सीहोर पहुंचकर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। इनके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विशेष प्रशिक्षक भी कार्यकर्ताओं को राजनीतिक जरूरतों के हिसाब से ट्रेंड करेंगे।
किन-किन विषयों पर होगी क्लास
प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को सिर्फ भाषण ही नहीं दिए जाएंगे, बल्कि व्यावहारिक राजनीति के गुर भी सिखाए जाएंगे।
विचारधारा और कार्यप्रणाली: कांग्रेस की मूल विचारधारा और संगठन के काम करने के तरीके।
बूथ मैनेजमेंट: बूथ स्तर पर पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए और बूथ जीता, चुनाव जीता का फॉर्मूला।
जनसंपर्क व संवाद: जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को कैसे उठाएं और मतदाता संपर्क अभियान कैसे चलाएं।
सोशल मीडिया व जन आंदोलन: स्थानीय समस्याओं को बड़े जन आंदोलन का रूप देने की कला।
बूथ स्तर तक के 200 प्रतिनिधि होंगे शामिल
राजीव गुजराती के अनुसार इस प्रशिक्षण शिविर में जिले भर के ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी भाग लेंगे।