अब #एसडीओपी शर्मा का तबादला, गोयल आए…

@सीहोर। पुलिस महकमे में बीते चार-पांच महीनों से लगातार फेरबदल और तबादलों का दौर जारी है। इसी क्रम में रविवार रात जारी हुई प्रदेश स्तरीय तबादला सूची में सीहोर एसडीओपी का भी स्थानांतरण कर दिया गया है। सीहोर में पदस्थ एसडीओपी पूजा शर्मा का तबादला सागर जिले के रहली कर दिया गया है, वहीं उनके स्थान पर श्योपुर में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक प्रेमनारायण गोयल को सीहोर एसडीओपी की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिले में पुलिस अधिकारियों के फेरबदल की शुरुआत करीब 4.5 महीने पहले पुलिस कप्तान ;एसपीद्ध के बदलाव से हुई थी। तत्कालीन एसपी दीपक कुमार शुक्ला के स्थान पर आईपीएस अधिकारी सोनाक्षी सक्सेना ने सीहोर एसपी के रूप में पदभार ग्रहण किया था। सीहोर पुलिस के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी महिला आईपीएस अधिकारी ने जिले में पुलिस अधीक्षक पद की कमान संभाली है।
अब तक हुआ फेरबदल
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के आगमन के बाद तत्कालीन एएसपी सुनीता रावत का तबादला होने के बाद विदिशा से डॉ. प्रशांत चौबे को सीहोर का नया एएसपी बनाया गया। इधर कोतवाली थाना प्रभारी रवीन्द्र यादव को आष्टा भेजा गया, जबकि गिरीश दुबे को एक बार फिर कोतवाली टीआई की जिम्मेदारी सौंपी गई।