@सीहोर। लैपटॉप केवल एक स्क्रीन या कीबोर्ड वाला उपकरण नहीं है, बल्कि यह हमारे सपनों को सच करने वाली नई खिडक़ी है। यह खुशी और उत्साह जिले के होनहार विद्यार्थियों का है, जिनके बैंक खातों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे ट्रांसफर की है।
बता दें प्रदेश स्तर पर शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत 1 लाख 22 हजार मेधावी विद्यार्थियों के खातों में कुल 304 करोड़ 98 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। इसमें सीहोर जिले के करीब 3700 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। जैसे ही मोबाइल पर राशि जमा होने का मैसेज बजाए विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और घरों में उत्सव का माहौल बन गया।
छात्राओं ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
राशि मिलने के बाद सीहोर की कुमारी रचना मेवाड़ा, आईना मेवाड़ा, अंजलि वर्मा, पद्मा परमार और सिमरन मेवाड़ा सहित कई छात्राओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद दिया। छात्राओं का कहना है कि आज का दौर डिजिटल पढ़ाई का है। कई बार किताबें या विशेषज्ञ शिक्षक आसपास उपलब्ध नहीं होते, ऐसे में लैपटॉप की मदद से देश-दुनिया के बेहतरीन वीडियो लेक्चर और स्टडी मटेरियल एक क्लिक पर मिल सकेंगे। विद्यार्थियों ने बताया कि इस राशि से वे जल्द ही नया लैपटॉप खरीदेंगे, जिससे वे घर बैठे ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होंगे और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं की नींव मजबूत करेंगे।


