विधायक बोले, ग्रामीणों को परेशान नहीं होंगे दूंगा, 1001 परसेंट यह काम मेरा है…

#सीहोर। ग्राम बिछिया में शासकीय उचित मूल्य की दुकान से राशन न मिलने और समिति प्रबंधकों द्वारा की जा रही धांधली को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने मंगलवार को राशन वितरण में हो रही अनियमितताओं, फर्जी फिंगरप्रिंट लगवाने और सोसाइटी संचालक की मनमानी को लेकर कलेक्टर कार्यालय और विधायक सुदेश राय को आवेदन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक सुदेश राय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया। विधायक राय ने ग्रामीणों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना और मौके से ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को फोन पर नाराजगी जताई। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा बिछिया का मामला बेहद गंभीर है, अधिकारी खुद मौके पर जाकर व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण करें और समस्या का तुरंत निराकरण करवाएं।
1001 परसेंट काम करवा कर दूंगा
विधायक सुदेश राय ने बिछिया के ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यह पूरा मामला पहले से ही उनके संज्ञान में है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा आप सभी बिल्कुल बेफिक्र रहें, आपका काम 1001 परसेंट होकर रहेगा। किसी भी गरीब, बुजुर्ग या बच्चे का हक मरने नहीं दिया जाएगा।
जब ग्रामीणों ने शिकायत की कि कुछ शासकीय अधिकारी व कर्मचारी उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और डराते-धमकाते हैं तो विधायक राय ने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा कि जनता से दुव्र्यवहार करने वाले अधिकारियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ऐसे लोगों को तुरंत हटवाया जाएगा।
यह है पूरा मामला
बता दें ग्राम बिछिया के निवासियों का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान संचालक और समिति शाखा प्रबंधक द्वारा पिछले 5 महीनों से राशन का वितरण नहीं किया गया है। बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा लिया जाता है, लेकिन राशन मांगने पर ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार और झूठे पुलिस केस में फंसाने की धमकियां दी जाती हैं।