Sehore News: सीहोर। शहर के आवासीय खेल कूद संस्थान परिसर में एक्स सर्विसमेन लीग (पूर्व सैनिक लीग) के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सिल्वर जुबली (रजत जयंती) समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने भारत माता को समर्पित कई देशभक्तिपूर्ण और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राजीव शर्मा उपस्थित रहे। इसके साथ ही सुदर्शन चक्र कोर मुख्यालय से सुबेदार मेजर डी. राजू महादेव, सुबेदार मेजर एसके शाह विशेष रूप से शामिल हुए।
सामाजिक और प्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में शहर के प्रमुख समाजसेवियों और जन प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। इनमें समाजसेवी गगन नामदेव, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, अश्विन शर्मा और जुगल पटेल प्रमुख रूप से शामिल हुए। मुख्य अतिथियों द्वारा समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा 10 वीर नारियों (शहीदों की वीरांगनाओं/माताओं) को भारत माता का चित्र भेंट कर सम्मान दिया गया। वहीं देश सेवा में अपना योगदान देने वाले सभी सैनिकों को अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कर्नल राजीव शर्मा ने महिलाओं की सुरक्षा और समाज में उनके सम्मान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सैनिकों और उनके परिवारों द्वारा देश और समाज के प्रति दिए जाने वाले योगदान की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुबेदार हुकम सिंह ने की। मंच का संचालन हवलदार अमित वर्मा, पूजा वर्मा और मुकेश इतावदिया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अंत में सुबेदार एसआर कुलकर्णी ने उपस्थित सभी अतिथियों, सैनिकों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।


