Sehore: बीएसी और जनशिक्षक के पदों पर होगी भर्ती, 5 अगस्त से काउंसलिंग

25 sehore photo 06

Sehore News: सीहोर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के विकासखंड शिक्षा केंद्रों में रिक्त चल रहे विकासखंड अकादमिक समन्वयक और जनशिक्षक के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल ने 24 जून को इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों के नाम पत्र जारी कर समय-सीमा में भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य शिक्षा केंद्र के पत्र के अनुसार सत्र 2026-27 के लिए प्रत्येक विकासखंड स्रोत केंद्र कार्यालय में 5 अकादमिक समन्वयक के पद भरे जाएंगे। इसमें 02 विज्ञान संकाय, 01 सामाजिक विज्ञान और 02 भाषा संकाय के पद शामिल हैं। इनमें 01 पद अंग्रेजी विषय के लिए अनिवार्य रखा गया है। इसके साथ ही जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर प्रति 10 विद्यालयों पर 01 के मान से जनशिक्षक के पदों की पूर्ति भी की जाएगी।
52 वर्ष तक के शिक्षक कर सकेंगे आवेदन
पत्र में पदों की पात्रता भी स्पष्ट की गई है। इसके लिए आवेदक उच्च श्रेणी शिक्षक या माध्यमिक शिक्षक होना चाहिए। 1 जनवरी 2026 की स्थिति में आवेदक की आयु 52 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही उसके विरुद्ध कोई विभागीय जांच लंबित नहीं हो और वह लंबे समय से अनुपस्थित भी न हो। चयन प्रक्रिया लोक शिक्षण संचालनालय के 10 सितंबर 2025 के परिपत्र के अनुसार प्रतिनियुक्ति के आधार पर होगी।
25 जुलाई तक बनाई जानी थी वरिष्ठता सूची
राज्य शिक्षा केंद्र ने भर्ती की पूरी समय-सारणी जारी कर दी है। इसके अनुसार 25 जुलाई तक वरिष्ठता सूची तैयार की की जानी थी। जिला स्तरीय काउंसलिंग 5 अगस्त को होगी। अंतिम चयन सूची 13 अगस्त तक जारी कर दी जाएगी और कलेक्टर के अनुमोदन के बाद 20 अगस्त तक पदस्थापना आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
समिति करेगी चयन
चयन के लिए प्राचार्य, डायट प्राचार्य, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग और सहायक परियोजना समन्वयक की समिति गठित की जाएगी। यह समिति विषय समूहवार वरिष्ठता और शिक्षा पोर्टल पर दर्ज नियुक्ति दिनांक के आधार पर सूची तैयार करेगी। राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने पत्र में कहा है कि जनशिक्षक के पदों पर प्राथमिकता से ऐसे शिक्षकों की पदस्थापना की जाए जिनका कार्यक्षेत्र भ्रमण वाला है।