मकान में अचानक लगी आग, सामान जलकर खाक, 70 हजार का नुकसान

31 sehore photo 06

सीहोर। शहर के मुरली रोड पर गुरुवार दोपहर एक मकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में घर के भीतर रखा टीवी, दो कूलर, टीवी स्टैंड, कंडे रखने का ड्रम और बिस्तर जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गए। गनीमत यह रही कि समय रहते मकान के भीतर बंधी तीन गायों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में पीडि़त मकान मालिक का लगभग 60 से 70 हजार रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बड़ी ग्वालटोली निवासी संतोष यादव का एक मकान मुरली रोड पर स्थित है, जिसका उपयोग वे मवेशी बांधने और सामान रखने के लिए करते हैं। गुरुवार शाम लगभग 4 बजे उनके परिचित देवीलाल यादव ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि मुरली रोड स्थित उनके मकान से भारी धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही संतोष यादव अपने बेटे आलोक यादव और बेटियों (खुशी व निशा यादव) के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने मकान का दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। कमरे के भीतर रखी सामग्री धूं-धूं कर जल रही थी।
मवेशियों को सुरक्षित निकाला
आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के रहवासी भी मौके पर एकत्र हो गए। पीडि़त परिवार ने बिना समय गंवाए सबसे पहले मकान के भीतर बंधी अपनी तीन गायों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद तुरंत फयर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
आग लगने का कारण अज्ञात
पीडि़त संतोष यादव ने बताया कि आग किन कारणों से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। हादसे में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, बिस्तर और अन्य सामग्री जलने से लगभग 60 से 70 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। पीडि़त की सूचना पर मंडी थाना पुलिस ने आगजनी की कायमी कर ली है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।