Sehore News: सीहोर। सावन के पावन महीने में शहर पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग गया है। इस बार सावन में श्रद्धालुओं के लिए विशेष उत्साह का माहौल है, क्योंकि 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 25 अगस्त को शहर में चार भव्य कांवड़ यात्राएं निकाली जाएंगी। इन चार विशेष तिथियों पर मध्य प्रदेश सहित देशभर से श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि सावन माह में चारों तिथियों पर विशाल आयोजन होंगे। इनमें से पहली कांवड़ यात्रा 3 अगस्त को शाम 4 बजे विठलेश सेवा समिति नगर इकाई द्वारा शहर के सीवन नदी तट से उठाई जाएगी। इसके बाद 10, 17 और 25 अगस्त को भी इसी तरह भव्य रूप से यात्राएं निकाली जाएंगी।
यात्रा से पहले ही सीवन तट पर उत्सव सा माहौल
अगस्त माह की इन चारों मुख्य कांवड़ यात्राओं से पहले ही शहर के सीवन नदी तट पर मेले जैसा माहौल बन गया है। नदी किनारे पूजा-सामग्री, कांवड़ और धार्मिक वस्तुओं की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पिछले चार-पांच दिनों से बड़ी संख्या में भक्त सीवन नदी से पवित्र जल भरकर, भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर कुबेरेश्वर धाम के लिए रवाना हो रहे हैं।
11 किलोमीटर का पैदल सफर, दंडवत करते पहुंच रहे भक्त
सीवन नदी के तट से लेकर कुबेरेश्वर धाम तक का पूरा मार्ग श्री शिवाय नमस्तुभ्यं और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहा है। तेज धूप और बारिश की परवाह किए बिना शिवभक्त सीवन तट से धाम तक का 11 किलोमीटर का सफर पैदल ही तय कर रहे हैं। आस्था का आलम यह है कि कई श्रद्धालु रेलवे स्टेशन से ही कुबेरेश्वर धाम तक दंडवत प्रणाम करते हुए पहुंच रहे हैं।
जगह-जगह सेवा स्टॉल
अगस्त महीने की इन चारों कांवड़ यात्राओं में शामिल होने वाले भक्तों के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं। विठलेश सेवा समिति और अनेक समाजसेवी संस्थाओं द्वारा जगह-जगह स्वागत स्टॉल लगाए जा रहे हैं। पैदल चल रहे कांवडिय़ों के लिए चाय, ठंडा पानी, फलाहारी खिचड़ी और भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था की जा रही है। कुबेरेश्वर धाम पहुंचने पर पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला सहित समिति के सदस्यों द्वारा यात्रियों का स्वागत और सम्मान किया जा रहा है।


