Sehore News: सीहोर। भाजपा के एक राजनैतिक कार्यक्रम में शाजापुर की जिला शिक्षा अधिकारी दीपा कीर की मौजूदगी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जिला कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता पंकज शर्मा ने एक बयान जारी कर सरकारी सेवा शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ के तत्वाधान में सैकड़ाखेड़ी रोड स्थित शहीद स्थल पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस राजनैतिक कार्यक्रम में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सहित भाजपा के जिलाध्यक्ष, विधायक, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि तथा पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। कांग्रेस का आरोप है कि इसी पूरी तरह से राजनैतिक आयोजन में शाजापुर की जिला शिक्षा अधिकारी दीपा कीर भी शामिल हुई थीं।
नियम तोडऩे वाले अधिकारियों पर हो एक्शन
पंकज शर्मा ने कहा कि किसी भी राजनैतिक दल के कार्यक्रम में किसी शासकीय सेवक का शामिल होना मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमों के सर्वथा विपरीत है। यह शासकीय सेवा शर्तों का खुला उल्लंघन है और ऐसे नियमों को ताक पर रखने वाले अधिकारियों पर सख्त कानूनी व अनुशासनात्मक कार्रवाई का स्पष्ट प्रावधान है।
कलेक्टर से की अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग
कांग्रेस प्रवक्ता ने सीहोर और शाजापुर दोनों जिलों के जिला कलेक्टरों से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर जिला शिक्षा अधिकारी दीपा कीर के खिलाफ तत्काल कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई होना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी अन्य शासकीय सेवक सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाने का दुस्साहस न कर सके।


