Sehore News: सीहोर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को साईं सेवा संस्थान समिति के तत्वाधान में शहर में भव्य साईं पालकी रथ यात्रा निकाली गई। ओम साईं राम और साईं बाबा के जयघोषों के बीच निकली इस यात्रा से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं और साईं भक्तों में अपार उत्साह व उल्लास देखने को मिला।
गंज स्थित साईंनाथ मंदिर से प्रारंभ हुई पालकी रथ यात्रा में शामिल झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। यात्रा में नरसिंहगढ़ का प्रसिद्ध बैंड, ढोल-डीजे, भजन-कीर्तन मंडली, मिक्की माउस कार्टून, नृत्य करती बालिकाओं की चलित झांकियां और साईं बाबा का भव्य रथ शामिल रहा। सजे-धजे घोड़ों, लहराते भगवा ध्वजों और अखाड़े में हैरतअंगेज करतब दिखाते जांबाज युवाओं ने श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया।
जनप्रतिनिधियों ने लिया आशीर्वाद
पालकी यात्रा में विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती सहित शहर के अनेक वरिष्ठ जन शामिल हुए। सभी अतिथियों ने साईं बाबा का पूजन कर आशीर्वाद लिया और यात्रा के आयोजन समिति अध्यक्ष व पार्षद लोकेन्द्र वर्मा का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच बनाकर पालकी यात्रा पर जोरदार पुष्प वर्षा की गई और प्रसादी का वितरण किया गया।
मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ शुभारंभ
इससे पूर्व गंज स्थित साईंनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और अनुष्ठान के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर साईंनाथ सेवा संस्थान के संस्थापक ब्रजमोहन सोनी, आयोजन समिति अध्यक्ष लोकेन्द्र वर्मा, समाजसेवी गब्बर यादव, युवा अध्यक्ष तनिष्क सोनी, अर्जुन राठौर और पंडित पुनीत शर्मा सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। साईं मंदिर गंज से शुरू होकर यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करती हुई पुन: मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में विशाल महाप्रसादी का वितरण किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ उठाया।


