जिंदा समाधि से सनसनी, 20 घंटे बाद सकुशल बाहर निकला युवक, पुलिस ने कराया मेडिकल

29 sehore photo 10

Sehore News: सीहोर। जिले के जावर स्थित प्रसिद्ध देव लाखन धाम में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। भोपाल निवासी 38 वर्षीय सोनू पुष्पद ने मंगलवार शाम करीब 4 बजे कथित रूप से जिंदा समाधि ले ली। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि करीब 20 घंटे बाद जब उसे समाधि से बाहर निकाला गया तो वह पूरी तरह जीवित था। घटना की भनक लगते ही बुधवार सुबह पुलिस और प्रशासन में हडक़ंप मच गया, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर युवक को वहां से हटाया और अस्पताल ले जाकर उसका मेडिकल कराया।
समाधि से सकुशल बाहर निकले युवक सोनू पुष्पद का दावा है कि वह इससे पहले भी अलग-अलग मौकों पर करीब 15 बार जिंदा समाधि ले चुका है। हालांकि बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और पुलिस को पूर्व सूचना दिए एक सार्वजनिक धार्मिक स्थल पर इस तरह का जानलेवा और जोखिमभरा कदम उठाए जाने से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है।
देव लाखन धाम समिति भी जांच के घेरे में
सूत्रों के अनुसार पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। इस घटना में न सिर्फ समाधि लेने वाले युवक, बल्कि देव लाखन धाम समिति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर बिना अनुमति इतना बड़ा घटनाक्रम होने देना गंभीर लापरवाही है। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो समिति के जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कानूनी शिकंजा कसा जा सकता है।
मेडिकल परीक्षण कराया है
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। युवक को समाधि स्थल से हटाकर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दामोदर गुप्ता, एसडीओपी आष्टा