Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश में इस बार मानसून का मिजाज मिला-जुला नजर आ रहा है। जहां प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की रफ्तार सुस्त है, वहीं सीहोर जिले पर इंद्रदेव मेहरबान दिख रहे हैं। जिले में बीते तीन दिनों से कोई जोरदार बारिश नहीं हुई है, इसके बावजूद बारिश के आंकड़ों के मामले में सीहोर मध्य प्रदेश के टॉप-8 जिलों में मजबूती से बना हुआ है। जिले में अब तक औसत से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जिससे किसानों और आम जनता को बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 13.2 इंच बारिश हुई हैए जो कि सामान्य से लगभग 17 प्रतिशत कम है। स्थिति यह है कि राज्य के करीब 47 जिलों में सामान्य से कम पानी गिरा है। लेकिन सीहोर उन गिने-चुने 8 खुशकिस्मत जिलों में शामिल है, जहां अब तक सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। सीहोर के अलावा सिर्फ भोपाल, देवास, इंदौर, मंदसौर, राजगढ़, भिंड और बुरहानपुर ही ऐसे जिले हैं, जहाँ बारिश का आंकड़ा औसत के पार पहुँचा है।
आज से फिर शुरू होगा अति भारी बारिश का दौर
बीते तीन दिनों से बारिश थमने से भले ही लोगों को धूप और राहत मिली हो, लेकिन यह शांति जल्द ही भारी बारिश में बदलने वाली है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएस तोमर के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना नया मानसूनी सिस्टम अब आगे बढ़ रहा है। यह सिस्टम झारखंड और छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्य भारत की ओर रुख कर रहा है। इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों तक सीहोर जिले और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी से अति भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञ तौमर का कहना है कि नए मानसूनी सिस्टम के असर से आज मंगलवार को जिले में कहीं हल्की तो कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं।


