Sehore News: सीहोर। भैरुंदा पुलिस द्वारा ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे जुआरियों पर की गई कार्रवाई अब अपने अनोखे ढंग और फोटो सेशन को लेकर सुर्खियों में आ गई है। पुलिस ने ग्राम राला में रेड मारकर 3 जुआरियों को गिरफ्तार कर 20 हजार रुपये नगद जब्त करने का दावा किया है, लेकिन जब्ती के बाद सामने आई फोटो ने पूरी कार्रवाई पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने टेबल पर जब्ती की राशि और ताश के पत्तों को सजाकर बाकायदा फोटो सेशन कराया। हैरत की बात यह रही कि फोटो में पुलिस ने नोटों की 5 गड्डियां सजाकर रखी थीं, जिनमें सिर्फ 500 रुपये और 200 रुपये की गड्डी ही नजर आ रही है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या जुआरी इतने हाई-टेक थे कि उनकी फड़ पर 100, 50 या 20 रुपये का एक भी नोट नहीं मिला। फड़ पर केवल 500 और 200 के कडक़ नोटों की गड्डियों का मिलना और छोटे नोटों का पूरी तरह गायब होना किसी के गले नहीं उतर रहा है।
पुलिस की कार्यशैली पर खड़े हो रहे सवाल
आमतौर पर जुए के फड़ पर हर मूल्य वर्ग के छोटे-बड़े नोटों से दांव लगाया जाता है, लेकिन यहां केवल 500 और 200 की सजाई गई गड्डियों को देखकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या जब्ती की रकम का प्रदर्शन महज फोटो सेशन को आकर्षक बनाने के लिए इस तरह सेट किया गया या फिर मामले की कहानी कुछ और है।
3 पकड़ाए, 4 आरोपी चकमा देकर फरार
पुलिस के अनुसार भैरुंदा थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी की टीम ने ग्राम राला स्थित खात्याखेड़ी रोड मोड़ पर दबिश दी थी। पुलिस ने मौके से अमित काचले भैरुंदा, शुभम राजपूत तिलाडिया और अंकित राजपूत तिलाडिया को गिरफ्तार किया। वहीं निर्मल यादव राला, राजेन्द्र तोमर तिलाडिया, राजकुमार पंवार भैरुंदा और पदम पंवार तिलाडिया मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


