Sehore: खाकी का ‘सुकून’ वाला अवतार

27 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। अक्सर कानून और व्यवस्था संभालने के सख्त रूप में नजर आने वाली खाकी का अनूठा चेहरा जिला अस्पताल में देखने को मिला। अवसर था सामाजिक संस्था टीम संडे का सुकून के 569वें सुकून की रसोई कार्यक्रम का, जहां जन जागरूकता और मानव सेवा का एक अद्भुत संगम नजर आया।
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पूजा शर्मा ने अपनी मौजूदगी से न सिर्फ आयोजन की गरिमा बढ़ाई, बल्कि आत्मीयता के साथ सरकारी अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को अपने हाथों से भोजन परोसा।
पहले दिलाई शपथ, फिर परोसा प्रेम का भोजन
भोजन वितरण से पहले परिसर में मौजूद सभी नागरिकों, मरीजों के परिजनों और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने की अपील की गई और सामूहिक शपथ दिलाई गई। नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने नशे के खतरनाक दुष्परिणामों पर खुलकर बात की। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने कहा कि नशा किसी भी इंसान को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक हर तरह से तबाही की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और खुशहाल समाज के लिए युवाओं का नशे की गिरफ्त से दूर रहना बेहद जरूरी है।
रंगोली ने मोहा मन
इस मौके पर नशे से दूरी है जरूरी 2.0 विषय पर बनाई गई सुंदर और संदेशात्मक रंगोली हर किसी के आकर्षण का केंद्र बनी। अधिकारियों ने इस पहल की प्रशंसा की। एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने टीम संडे का सुकून के निस्वार्थ सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा किए पिछले 8 वर्षों से बिना रुके मानव सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सीहोर के सौंदर्यीकरण का यह प्रयास मिसाल है। पुलिस विभाग आगे भी ऐसे पुण्य कार्यों में टीम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करता रहेगा।
8 साल से जारी है सेवा की यह अनवरत यात्रा
बता दें टीम संडे का सुकून शहर में पिछले 8 सालों से लगातार सामाजिक और मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय है। जनहित का कोई भी मुद्दा हो, टीम हमेशा आगे बढक़र अपना सकारात्मक योगदान देती आई है। टीम संडे के सुकून के इस पुण्य काम में अब पुलिस ने भी अपनी सहभागिता निभाई है।